सोजत में आज पहली बार पधारेंगे भगवान झूलेलाल जी के 26वें वंशज, आज निकलेगी भव्य शोभायात्रा।

अकरम खान की रिपोर्ट।

सोजत सिटी। सिंधी समाज के प्राचीन तीर्थ श्री झूलेलाल वरुण देव मंदिर, भरूच (गुजरात) के गादीपति एवं भगवान झूलेलाल के 26वें वंशज ठकुर साई मनीषलाल जी साहिब के सोजत में प्रथम आगमन को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल है। पुज्य सिंधी पंचायत सेवा समिति सोजत के तत्वावधान में उनके स्वागत की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

आज सोमवार को दोपहर 3 बजे दादावाड़ी से संत मनीषलाल जी साहिब के सानिध्य में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा शहर के मुख्य बाजारों से होती हुई सिंधियों का बास स्थित श्री झूलेलाल मंदिर पहुंचेगी, जहां संत के प्रवचन के पश्चात महाआरती का आयोजन होगा।

इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को लेकर सिंधी समाज में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजन की तैयारियों में मुखी दयालदास पुरुषवाणी, बाबा साहेब सुंदरदास आड़वाणी सहित पुज्य सिंधी पंचायत सेवा समिति के पदाधिकारी एवं समाजजन दिन-रात जुटे हुए हैं। समाज द्वारा संत के स्वागत को भव्य और यादगार बनाने के लिए विशेष सजावट एवं व्यवस्थाएं की गई हैं।

सिंधी समाज के लिए यह अवसर ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार भगवान झूलेलाल जी के वंशज का सोजत आगमन हो रहा है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!