सोजत क्लब के जीर्णोद्धार की मांग तेज: खेल प्रतिभाओं के समर्थन में आगे आए गौतम तंवर, विधायक ने दिया जल्द कार्रवाई का भरोसा।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। शहर के मध्य स्थित ऐतिहासिक सोजत क्लब के जीर्णोद्धार एवं खेल मैदानों के पुनर्विकास को लेकर जनप्रतिनिधियों व समाजसेवीयो ने पहल तेज कर दी है। इसी क्रम में पार्षद प्रतिनिधि और समाज सेवक गौतम तंवर ने सोजत विधायक श्रीमती शोभा चौहान से मुलाकात कर क्लब के सुधार हेतु ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया कि उपखण्ड कार्यालय के समीप स्थित सोजत क्लब कई वर्षों पुराना है और इसके परिसर में विभिन्न खेल मैदान भी मौजूद हैं। हालांकि वर्तमान में क्लब और मैदानों की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है, जिससे खिलाड़ियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पहले यहां बड़ी संख्या में युवा खेल गतिविधियों में भाग लेते थे, लेकिन अब बदहाल हालात के चलते यह लगभग निष्क्रिय हो चुका है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि क्लब के संचालन के लिए पूर्व में एक समिति गठित है, जिसकी अध्यक्षता सोजत एसडीएम करते हैं। इसके बावजूद रखरखाव के अभाव में क्लब की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। ऐसे में इसका शीघ्र जीर्णोद्धार आवश्यक बताया गया।

विधायक श्रीमती शोभा चौहान ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और खेल प्रतिभाओं के विकास के लिए जल्द प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके साथ ही महात्मा ज्योतिबा फुले मंडी के विस्तार और विकास को लेकर भी विधायक एवं कृषि विपणन बोर्ड के निदेशक राजेश चौहान से चर्चा की गई। इस पर मंडी प्रांगण में शीघ्र कार्य शुरू करवाने का भरोसा दिलाया गया।
स्थानीय लोगों और खिलाड़ियों को अब उम्मीद है कि जल्द ही सोजत क्लब का कायाकल्प होगा और खेल गतिविधियों को नया जीवन मिलेगा।



