सोजत कृषि मंडी में मेहंदी व्यापार संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य स्वागत,व्यापार को नई दिशा देने और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का लिया संकल्प



सोजत न्यूज़ | ✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा

सोजत की प्रसिद्ध महात्मा ज्योतिबा फुले कृषि मंडी परिसर में मेहंदी व्यापार संघ समिति के हाल ही में सम्पन्न हुए चुनावों के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम मेहंदी “क” वर्ग दलाल एसोसिएशन की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें व्यापारियों, दलालों और काश्तकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

समारोह में नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुनील गहलोत, उपाध्यक्ष प्रशांत टांक, सचिव श्याम सुंदर टांक, सहसचिव ओमप्रकाश तंवर एवं कोषाध्यक्ष लक्ष्मण टांक का साफा एवं मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर मंडी परिसर में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेहंदी व्यापार संघ के पूर्व अध्यक्ष ताराचंद टांक ने कहा कि मेहंदी व्यापार को सुव्यवस्थित और मजबूत बनाने में व्यापारी, दलाल और काश्तकार तीनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि दलाल और काश्तकार व्यापार की “रीढ़ की हड्डी” के समान हैं और सभी पदाधिकारियों को मिलजुलकर व्यापार हित में कार्य करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मेहंदी एक कच्ची जिंस होने के कारण इसके व्यापार में पारदर्शिता, सहयोग और आपसी सामंजस्य बेहद जरूरी है। व्यापार संघ के नए पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई गई कि वे सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए व्यापार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

मेहंदी “क” वर्ग दलाल एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहनलाल टांक ने अपने संबोधन में कहा कि व्यापार संघ और दलाल एसोसिएशन एक ही परिवार के दो मजबूत स्तंभ हैं। व्यापार को सुचारू रूप से चलाने के लिए आपसी सहयोग और सामंजस्य बेहद आवश्यक है। उन्होंने नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुनील गहलोत से सभी व्यापारियों और सहयोगियों को साथ लेकर चलने का आग्रह किया।

अंत में व्यापार संघ के अध्यक्ष सुनील गहलोत ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे मेहंदी व्यापार की प्रगति, पारदर्शिता और सभी वर्गों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापार की मजबूती और विकास के लिए सभी सदस्यों को साथ लेकर चलना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

इस अवसर पर मेहंदी “क” वर्ग दलाल एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहनलाल टांक, उपाध्यक्ष श्यामलाल निकुंम, सचिव रमेश गहलोत, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश टांक, मीडिया प्रभारी सुरेंद्र परिहार, प्रचार मंत्री गोतम निकुंम, मदन छोटे वाला, ओमप्रकाश चौहान, सोहनलाल सांखला, महावीर गहलोत, मदन मोदी, नरेंद्र तंवर, सोहनलाल गहलोत, पुखराज तंवर, धर्मवीर गहलोत, कैलाश सांखला, महेंद्र भाटी, ताराचंद सांखला, दिनेश भाटी, रमेश तंवर, हरिकिशन सांखला, सुरेश टांक सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

error: Content is protected !!