✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा

ब्यावर। राजस्थान के ब्यावर जिले में आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले एक बड़े नकली पान मसाला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। जिला स्पेशल टीम और ब्यावर सदर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक अवैध फैक्ट्री का खुलासा हुआ, जहां प्रसिद्ध कंपनियों के नाम से नकली रजनीगंधा, तनसेन पान मसाला और तुलसी 00 जर्दा तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था।
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली पान मसाला, पैकिंग सामग्री, निर्माण मशीनें और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दो लग्जरी वाहन जब्त किए हैं। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
खरीदार बनकर पहुंची पुलिस, फिर मारा छापा
जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उजैनिया तथा वृत्ताधिकारी राजेश कसाना के सुपरविजन में जिला स्पेशल टीम को सूचना मिली थी कि ब्यावर के मेडिया क्षेत्र में नकली पान मसाला बनाकर बाजार में बेचा जा रहा है।
सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम पहले खरीदार बनकर मौके पर पहुंची और गुप्त रूप से पूरे नेटवर्क का सत्यापन किया। पुष्टि होने के बाद जिला स्पेशल टीम और ब्यावर सदर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान अंदर बड़े पैमाने पर नकली पान मसाला तैयार किया जा रहा था।
भारी मात्रा में नकली सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री से बड़ी मात्रा में नकली उत्पाद और निर्माण सामग्री बरामद की। जब्त किए गए सामान में शामिल हैं—
2,548 पाउच नकली रजनीगंधा पान मसाला।
2,000 पाउच नकली तनसेन पान मसाला।
20,000 पाउच नकली तुलसी 00 जर्दा।
160 किलोग्राम तनसेन पान मसाला पैकिंग रोल।
1,500 खाली तनसेन पान मसाला पाउच।
पान मसाला निर्माण और पैकिंग में प्रयुक्त 4 अलग-अलग मशीनें।
सप्लाई और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे 2 लग्जरी वाहन।
ब्रांडेड कंपनियों जैसी पैकिंग बनाकर हो रही थी सप्लाई
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी नामी कंपनियों के उत्पादों की हूबहू पैकिंग तैयार कर नकली पान मसाला बनाते थे। इसके बाद इन नकली उत्पादों को असली बताकर बाजार में सप्लाई किया जाता था। इससे न केवल उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हो रहा था, बल्कि ब्रांडेड कंपनियों को भी आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा था।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से निम्नलिखित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया—
1. नन्दलाल उर्फ नन्दू (24) निवासी भेरजी की ढाणी, रास, जिला ब्यावर।
2. करण सांखला (25) निवासी भेरजी की ढाणी, रास, जिला ब्यावर।
3. राजेन्द्र सिंह उर्फ राजू माली (50) निवासी भेरजी की ढाणी, रास, जिला ब्यावर।
4. कमलेश गहलोत (24) निवासी जोधपुर रोड, बर, जिला ब्यावर।
कॉपीराइट एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट कानून एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं। अब पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, कच्चे माल की आपूर्ति करने वालों तथा बाजार में नकली उत्पाद पहुंचाने वाले सप्लाई नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में ब्यावर सदर थाना प्रभारी गजराज, जिला स्पेशल टीम के रामजस सहित जिला स्पेशल टीम एवं ब्यावर सदर थाना के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने इसे नकली खाद्य एवं तंबाकू उत्पादों के खिलाफ बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के अवैध कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
