चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस पर वरिष्ठ सीए गजेंद्र कुमार जैन का भव्य सम्मान, समाजसेवा से लेकर फिट इंडिया मिशन तक योगदान को मिली सराहना

✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा

जोधपुर/सोजत। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस के अवसर पर आयोजित एक गरिमामय समारोह में वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट सीए गजेंद्र कुमार जैन को अंतरराष्ट्रीय सामाजिक संस्था लायंस क्लब इंटरनेशनल जोधपुर शकुंतला द्वारा विशेष सम्मान से नवाजा गया। उन्हें चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे के प्रति समर्पण, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, कला, आयुर्वेद, योग, ध्यान, मेडिटेशन, खेल एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं विशिष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सीए गजेंद्र कुमार जैन ने अपने व्यावसायिक जीवन के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों का भी उत्कृष्ट निर्वहन किया है। समाजहित के विभिन्न क्षेत्रों में उनकी सक्रिय भागीदारी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

फिट इंडिया मिशन के ब्रांड एंबेसडर हैं गजेंद्र कुमार जैन

सीए गजेंद्र कुमार जैन वर्तमान में भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के प्रतिष्ठित फिट इंडिया ब्रांड एंबेसडर हैं। देशभर में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाने वाले इस राष्ट्रीय अभियान में वे सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

फिट इंडिया मिशन की टीम में उनके साथ फिल्म अभिनेता अनिल कपूर, शिल्पा शेट्टी, शाहिद कपूर, प्रसिद्ध लेखक चेतन भगत, अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज मेरी कॉम, धाविका हेमा दास सहित अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां भी जुड़ी हुई हैं। यह उपलब्धि उनके राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी योगदान को दर्शाती है।

डिजिटल इंडिया और नई शिक्षा नीति से भी जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां

सीए गजेंद्र कुमार जैन को भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत डिजिटल इंडिया कॉरपोरेशन द्वारा प्रतिष्ठित प्लेटिनम डिजिटल बैज चेंजमेकर अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।

इसके अलावा उन्हें भारत सरकार के “मेरी सरकार” अभियान का कैंपस ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है।

नई शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए देश की सबसे बड़ी स्वयंसेवी शैक्षणिक संस्था विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान ने भी उन्हें नई शिक्षा नीति-2020 का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है। शिक्षा के क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका को भी समारोह में विशेष रूप से सराहा गया।

टैक्स बार उपाध्यक्ष रहे मुख्य वक्ता

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पाली टैक्स बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हेमंत कुमार सिंघवी रहे। उन्होंने चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की बदलती भूमिका, वित्तीय पारदर्शिता और राष्ट्र निर्माण में उनकी जिम्मेदारियों पर विस्तृत प्रकाश डाला।

अतिथियों का हुआ सम्मान, समाजसेवियों की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में लायंस क्लब के जॉन अधिकारी सुरेंद्र चौहान, अध्यक्ष रोनीका चौहान, सचिव नरपत सिंह सोडा, वरिष्ठ समाजसेवी रामनारायण चौहान, लोटस पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर शशांक टांक तथा अधिवक्ता नीलम सोनी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों ने बढ़ाई कार्यक्रम की शोभा

समारोह में शहर के अनेक प्रतिष्ठित चिकित्सकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें डॉ. राजेश कुमार, डॉ. चेनाराम चौधरी, डॉ. देवी सिंह, डॉ. सुरेश कुमार, डॉ. अशोक गहलोत, डॉ. ओम प्रकाश, डॉ. दिलीप सियाग, डॉ. अभिषेक राजपुरोहित, डॉ. सुरेश कुमार सीरवी, डॉ. कुलदीप राठौर, डॉ. नरेश पालीवाल, डॉ. प्रकाश सीरवी तथा डॉ. ओमप्रकाश सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

संगीता शर्मा और किरण माखीजा ने किया प्रभावी संचालन

कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन संगीता शर्मा एवं किरण माखीजा ने किया। समारोह के अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

error: Content is protected !!