सोजत न्यूज़ ✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा
बालोतरा/जोधपुर, 4 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान को विकास की कई बड़ी सौगातें देते हुए बालोतरा स्थित बहुप्रतीक्षित पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण किया। इससे पहले उन्होंने जोधपुर एयरपोर्ट के नए अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया और ‘उड़ान-2.0’ योजना की शुरुआत की। बालोतरा में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण 21वीं सदी का सबसे बड़ा ऊर्जा संकट पैदा हुआ था, लेकिन भारत ने मजबूत नेतृत्व, बेहतर प्रबंधन और प्रभावी कूटनीति के दम पर इस चुनौती को सफलतापूर्वक पार किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यदि सरकार समय रहते प्रभावी निर्णय नहीं लेती, तो घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमत 2,000 रुपये तक पहुंच सकती थी। लेकिन सरकार के बेहतर प्रबंधन के कारण आज आम लोगों को गैस सिलेंडर लगभग 950 रुपये में उपलब्ध हो रहा है।
“भारत की कूटनीति ने दुनिया में दिखाई ताकत”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि युद्ध के दौरान भारत की विदेश नीति और मित्र देशों से मजबूत संबंधों का बड़ा लाभ मिला। पहले भारत जहां केवल 25-26 देशों से कच्चा तेल खरीदता था, वहीं अब यह संख्या बढ़कर 40 देशों तक पहुंच गई है। इससे देश में ईंधन की आपूर्ति बाधित नहीं हुई और ऊर्जा सुरक्षा बनी रही।
उन्होंने बताया कि अप्रैल से जून के बीच पेट्रोल और डीजल पर तेल कंपनियों को लगभग 75 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जो एक नई रिफाइनरी बनाने जितना बड़ा था। यह पूरा बोझ केंद्र सरकार ने उठाया ताकि आम जनता पर महंगाई का अतिरिक्त भार न पड़े।
“नया भारत चुनौतियों से पीछे नहीं हटता”
प्रधानमंत्री ने रिफाइनरी में अप्रैल माह में हुए अग्निकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि दुर्घटना के बाद इतनी तेजी से कार्य पूरा कर रिफाइनरी का संचालन शुरू करना भारत के इंजीनियरों, तकनीशियनों और श्रमिकों की मेहनत का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि नया भारत किसी भी चुनौती के सामने न झुकता है और न ही अपने विकास की गति धीमी करता है।
राजस्थान के विकास में मील का पत्थर बनेगी रिफाइनरी
प्रधानमंत्री ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि राजस्थान के आर्थिक विकास का नया अध्याय है। इससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा, पेट्रोकेमिकल उद्योगों का विस्तार होगा और पश्चिमी राजस्थान औद्योगिक हब के रूप में विकसित होगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने रिफाइनरी के कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया, इंजीनियरों से बातचीत कर तकनीकी जानकारी ली तथा रिफाइनरी परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने पांच युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे और रिफाइनरी से निकलने वाले पहले ईंधन टैंकरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जोधपुर एयरपोर्ट को मिला नया अत्याधुनिक टर्मिनल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार सुबह लगभग 10:40 बजे जोधपुर पहुंचे, जहां उन्होंने लगभग 480 करोड़ रुपये की लागत से बने नए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने टर्मिनल का निरीक्षण किया और ‘उड़ान-2.0’ योजना का शुभारंभ भी किया।
सरकार के अनुसार, उड़ान-2.0 के तहत देशभर में 100 नए एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे तथा हिमालयी राज्यों, उत्तर-पूर्व और द्वीप क्षेत्रों में 200 नए हेलीपैड बनाए जाएंगे, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों की हवाई कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
जयपुर मेट्रो फेज-2 की भी रखी आधारशिला
बालोतरा से ही प्रधानमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना की आधारशिला रखी। इस अवसर पर जयपुर में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक शामिल हुए।
कांग्रेस पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजस्थान लंबे समय तक जल संकट से जूझता रहा, लेकिन पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकारों ने इस समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी क्षेत्रवाद या विभाजन की राजनीति नहीं करती, बल्कि “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ विकास कार्य करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल परियोजनाओं का शिलान्यास नहीं करती, बल्कि उन्हें पूरा करके जनता को समर्पित करती है।
20 अप्रैल की आग के बाद टला था उद्घाटन
उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष 20 अप्रैल को पचपदरा रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) और वैक्यूम डिस्टिलेशन यूनिट (VDU) में आग लगने के कारण उद्घाटन कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था। दुर्घटना के बाद युद्धस्तर पर मरम्मत और सुरक्षा कार्य किए गए, जिसके बाद अब प्रधानमंत्री ने रिफाइनरी का विधिवत लोकार्पण किया।
देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरियों में शामिल
पचपदरा रिफाइनरी एचपीसीएल और राजस्थान सरकार का संयुक्त उपक्रम है। लगभग 17 के नेल्सन कॉम्प्लेक्सिटी इंडेक्स (NCI) के साथ यह देश की सबसे आधुनिक और हाई-कन्वर्जन रिफाइनरियों में गिनी जाती है। यह निम्न गुणवत्ता वाले कच्चे तेल को भी उच्च गुणवत्ता वाले पेट्रोल, डीजल और पेट्रोकेमिकल उत्पादों में बदलने की क्षमता रखती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस रिफाइनरी के पूर्ण संचालन से राजस्थान केवल कच्चा तेल उत्पादक राज्य नहीं रहेगा, बल्कि वैल्यू-एडेड पेट्रोकेमिकल उत्पादों का बड़ा औद्योगिक केंद्र बनकर उभरेगा। इससे प्रदेश में निवेश, उद्योग, रोजगार और राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
बालोतरा से पीएम मोदी का बड़ा संदेश: “भारत 21वीं सदी के सबसे बड़े ऊर्जा संकट से उबरा”, पचपदरा रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित, जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का भी उद्घाटन
- संबंधित खबरें -





