सोजत न्यूज़ | वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा
पाली जिले के सोजत शहर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। युवक दोपहर के समय रामेलाव तालाब की पाल पर मछलियों को दाना डालने गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए और युवक को बचाने के प्रयास शुरू किए गए, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। सूचना मिलते ही सोजत थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सोजत थाना के सहायक उप निरीक्षक दिनेश कुमावत ने बताया कि मृतक की पहचान काजियों का बास निवासी 19 वर्षीय मोहम्मद फुरकान पुत्र अलादीन शाह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर फुरकान रामेलाव तालाब की पाल पर मछलियों को दाना डालने गया था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरा।
स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकालने का प्रयास किया और पुलिस को सूचना दी। बाद में युवक को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हें सुपुर्द किया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद काजियों का बास सहित पूरे सोजत शहर में शोक का माहौल है। क्षेत्र के लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए तालाबों और जलाशयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा लोगों से बरसात के मौसम में जल स्रोतों के समीप विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
सोजत में दर्दनाक हादसा: रामेलाव तालाब में डूबने से 19 वर्षीय युवक की मौत, मछलियों को दाना डालने गया था फुरकान
- संबंधित खबरें -




