पाली में भीषण गर्मी का असर: विद्यालयों का समय बदला, सुबह 7:30 से दोपहर 12 बजे तक कक्षाएं



सोजत | वरिष्ठ पत्रकार: ओमप्रकाश बोराणा

पाली जिले में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी ने आदेश जारी कर जिले के सभी राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों के समय में बदलाव किया है।

जारी निर्देशों के अनुसार, प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी स्कूल अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगे। यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, क्योंकि दोपहर के समय तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच रहा है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह आदेश आंगनवाड़ी केंद्रों और बाल वाटिका पर भी समान रूप से लागू रहेगा। छोटे बच्चों को गर्मी से बचाने के लिए समय में यह परिवर्तन आवश्यक माना गया है।

हालांकि विद्यालयों के समय में बदलाव किया गया है, लेकिन सभी शिक्षक एवं स्टाफ को अपने नियमित समयानुसार विद्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि शिक्षण कार्य भले ही निर्धारित समय में पूरा किया जाए, लेकिन प्रशासनिक और अन्य कार्यों के लिए स्टाफ की उपस्थिति पूर्ववत रहेगी।

जिला प्रशासन ने चेतावनी भी जारी की है कि आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।

गौरतलब है कि पाली जिले में इन दिनों तापमान लगातार बढ़ रहा है और हीट वेव का प्रभाव साफ दिखाई दे रहा है। ऐसे में प्रशासन का यह फैसला अभिभावकों और विद्यार्थियों के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!