सोजत NH-162 हाईवे पर चला अतिक्रमण हटाने का अभियान, बुलडोजर पहुंचते ही दुकानदारों में मचा हड़कंप,मोड़ भाटा क्षेत्र में नेशनल हाईवे अधिकारियों की सख्ती, दुकानदारों ने खुद हटाने शुरू किए टीन शेड

✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा

सोजत के NH-162 नेशनल हाईवे पर इन दिनों अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर दुकानदारों में भारी भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। नेशनल हाईवे प्राधिकरण और एलएनटी कंपनी के अधिकारियों ने हाईवे किनारे बनी दुकानों के बाहर लगे टीन शेड और अस्थायी निर्माण हटाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों की टीम बुलडोजर लेकर सीधे मोड़ भाटा क्षेत्र में पहुंची, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

जैसे ही प्रशासनिक टीम हाईवे पर कार्रवाई के लिए पहुंची, दुकानदारों ने आनन-फानन में अपने टीन सेट और लोहे के ढांचे हटाने शुरू कर दिए। कई दुकानदार मजदूर लगाकर वर्षों पुराने शेड खोलते नजर आए ताकि बुलडोजर कार्रवाई से बचा जा सके।

“खुद हटा लो, नहीं तो बुलडोजर चलेगा”

एलएनटी और नेशनल हाईवे अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क सीमा में आने वाले सभी अस्थायी निर्माण जल्द हटाए जाएं। अधिकारियों ने कहा कि यदि तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो विभागीय टीम बुलडोजर से कार्रवाई करेगी और पूरा खर्च भी संबंधित दुकानदारों से वसूला जा सकता है।

अधिकारियों की इस सख्ती के बाद हाईवे किनारे दुकानदारों में बेचैनी बढ़ गई। मोड़ भाटा क्षेत्र में कई दुकानदारों ने तुरंत अपने टीन शेड खोलना शुरू कर दिया।

हाईवे चौड़ीकरण और सुरक्षा का हवाला

विभागीय सूत्रों के अनुसार NH-162 पर लगातार बढ़ते यातायात दबाव और सड़क सुरक्षा को देखते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है। सड़क किनारे बने टीन शेड और आगे निकले ढांचे कई स्थानों पर यातायात में बाधा बन रहे थे, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी।

अधिकारियों का कहना है कि हाईवे राष्ट्रीय संपत्ति है और सड़क सीमा में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य हाईवे को अतिक्रमण मुक्त बनाकर यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाना है।

दुकानदारों में चिंता, व्यापार प्रभावित होने की आशंका

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि दुकानों के बाहर लगाए गए टीन शेड ग्राहकों को धूप और बारिश से बचाने के लिए लगाए गए थे। अचानक कार्रवाई से छोटे व्यापारियों पर आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है। कई दुकानदारों ने प्रशासन से कुछ समय की मांग भी की ताकि वे व्यवस्थित तरीके से अपना सामान और ढांचे हटा सकें।

आगे भी जारी रह सकती है कार्रवाई

सूत्रों के अनुसार नेशनल हाईवे विभाग आने वाले दिनों में NH-162 के अन्य क्षेत्रों में भी अतिक्रमण हटाने का अभियान चला सकता है। अधिकारियों द्वारा लगातार सर्वे किया जा रहा है और सड़क सीमा में आने वाले निर्माणों को चिन्हित किया जा रहा है। ऐसे में हाईवे किनारे व्यापार करने वाले लोगों में आगामी कार्रवाई को लेकर डर और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!