खरीफ सीजन से पूर्व कृषि आदान विक्रेताओं का प्रशिक्षण आयोजित, किसानों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर*

*

सोजत सिटी, 23 अप्रैल 2026।
कार्यालय सहायक निदेशक कृषि (वि.), सोजत द्वारा गुरुवार को कृषि आदान विक्रेताओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। नगर पालिका के समीप स्थित कार्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में खरीफ सीजन की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किसानों को समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण कृषि आदान—जैसे उर्वरक, बीज एवं कीटनाशक—उपलब्ध करवाने की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना रहा। प्रशिक्षण के दौरान विक्रेताओं को निर्देशित किया गया कि वे किसानों को आवश्यक सामग्री पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराएं तथा सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक कृषि (वि.), जिला परिषद पाली श्री रमेश चन्द्र आमेटा ने उपस्थित विक्रेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उर्वरकों का वितरण अनिवार्य रूप से पीओएस मशीन (पॉइंट ऑफ सेल) के माध्यम से ही किया जाए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से दर्ज हो सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि प्रत्येक विक्रय पर किसानों को निर्धारित प्रारूप में बिल उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।

सहायक निदेशक कृषि (वि.) सोजत श्री कैलाश चन्द्र ने कहा कि खरीफ सीजन से पूर्व इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विक्रेताओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, जिससे वे शासन की योजनाओं और नियमों की जानकारी प्राप्त कर सकें तथा किसानों को बेहतर सेवाएं दे सकें।

कार्यक्रम में कृषि अधिकारी श्री रामलाल कुमावत एवं सुश्री रजनी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण में कुल 28 कृषि आदान विक्रेताओं ने भाग लेकर विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी विक्रेताओं से अपील की कि वे किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराएं और किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचें।

(कैलाश चन्द्र)
सहायक निदेशक कृषि (वि.), सोजत

Leave a Comment

error: Content is protected !!