पाली पुलिस की बड़ी सफलता: 116 गुमशुदा मोबाइल बरामद, 60 लाख के फोन लौटाकर लोगों के चेहरे पर लाई मुस्कान

एसपी मोनिका सेन के निर्देशन में चला विशेष अभियान, साइबर सेल और थाना टीमों की संयुक्त कार्रवाई से मिली बड़ी कामयाबी



सोजत न्यूज़ | ✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा
पाली, 23 मई 2026

पाली पुलिस ने एक बार फिर अपनी कार्यशैली और जनसेवा से आमजन का विश्वास जीत लिया है। जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत साइबर सेल एवं जिले के विभिन्न पुलिस थानों की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 116 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए।

बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। लंबे समय से अपने खोए हुए मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों को जब उनके फोन वापस मिले तो उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई लोगों ने पाली पुलिस की इस कार्यवाही की सराहना करते हुए धन्यवाद भी व्यक्त किया।

सीईआईआर पोर्टल की मदद से चला विशेष अभियान

पाली पुलिस द्वारा पिछले एक माह से गुमशुदा मोबाइलों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इस अभियान में आधुनिक तकनीक और केंद्र सरकार के सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की सहायता ली गई। पुलिस टीमों ने तकनीकी विश्लेषण, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और विभिन्न जिलों व राज्यों में समन्वय स्थापित कर मोबाइल फोन बरामद किए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार कई मोबाइल फोन ऐसे थे जो अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय पाए गए। साइबर सेल ने लगातार मॉनिटरिंग कर मोबाइल धारकों तक पहुंच बनाई और कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मोबाइल वापस प्राप्त किए।

साइबर सेल और थाना पुलिस की मेहनत लाई रंग

इस अभियान में साइबर सेल की टीम के साथ जिले के सभी थाना अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुमशुदा मोबाइलों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए हर केस पर लगातार कार्य किया गया। परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद करने में सफलता मिली।

पाली पुलिस की इस कार्रवाई को आमजन के बीच काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। लोगों का कहना है कि अक्सर गुम हुए मोबाइल मिलने की उम्मीद खत्म हो जाती है, लेकिन पाली पुलिस ने मेहनत और तकनीक के दम पर यह साबित कर दिया कि पुलिस चाह ले तो लोगों की परेशानी दूर की जा सकती है।

मोबाइल पाकर भावुक हुए लोग

मोबाइल वापस मिलने पर कई लोग भावुक नजर आए। किसी के जरूरी दस्तावेज मोबाइल में थे तो किसी के पारिवारिक फोटो और महत्वपूर्ण डाटा। लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल वापस मिल पाएगा, लेकिन पाली पुलिस ने उनकी उम्मीद को हकीकत में बदल दिया।

एसपी मोनिका सैन ने टीम की सराहना की

जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन ने अभियान में शामिल साइबर सेल और सभी थाना टीमों की सराहना करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे ताकि लोगों को राहत मिल सके और पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो।

Leave a Comment

error: Content is protected !!