*✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराण*
सोजत क्षेत्र शिवपुरा थाना क्षेत्र के रामासनी सांदवान से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शादी नहीं होने से परेशान एक युवक ने कथित तंत्र-मंत्र और नरबलि के अंधविश्वास में फंसकर 11 साल के मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले बच्चे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया, फिर तालाब की पाल पर झाड़ियों के बीच ले जाकर हाथ-पैर बांध दिए और छुरे से उसका गला काट दिया।
घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना कबूल कर लिया है।
*मदरसे से घर लौटते समय हुआ अपहरण*
जानकारी के अनुसार मृतक बच्चा गुरुवार दोपहर मदरसे से पढ़ाई कर अकेला घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के ही एक परिचित युवक ने उसे रास्ते में रोक लिया और बहाने से अपने साथ ले गया। आरोपी बच्चे को गांव से करीब 500 मीटर दूर तालाब की पाल पर झाड़ियों के बीच ले गया।
बताया जा रहा है कि वहां आरोपी ने पहले मासूम के हाथ-पैर बांधे और उसका मुंह भी कपड़े से बंद कर दिया ताकि वह शोर न मचा सके। इसके बाद कथित तांत्रिक क्रिया करते हुए बच्चे की गर्दन लकड़ी के बल्ले पर रखकर धारदार हथियार से गला काट दिया।
“*नरबलि देगा तो शादी हो जाएगी*
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अविवाहित है और लंबे समय से तंत्र-मंत्र के चक्कर में पड़ा हुआ था। उसने पुलिस को बताया कि एक तांत्रिक ने उससे कहा था कि यदि वह “नरबलि” देगा तो उसकी शादी हो जाएगी और उसकी परेशानियां खत्म हो जाएंगी।
इसी अंधविश्वास में अंधा होकर उसने इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब उस कथित तांत्रिक की तलाश में जुट गई है जिसने युवक को इस तरह की सलाह दी थी।
*पहले भी कर चुका था पशुओं की बलि*
ग्रामीणों और पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी अजीब हरकतों के कारण चर्चा में रहा है। करीब दो साल पहले उसने गांव में एक भैंस के बछड़े का गला काट दिया था। इसके अलावा एक गोवंश के गुप्तांग काटने की घटना में भी उसका नाम सामने आया था।
उस समय ग्रामीणों ने समझाइश देकर मामला शांत करवा दिया था, लेकिन अब उसी युवक ने मासूम बच्चे की हत्या कर पूरे इलाके को दहला दिया।
*खुद घर पहुंचकर बोला – “किसी ने तुम्हारे बच्चे को मार दिया”*
घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि हत्या करने के बाद आरोपी खुद मृतक के घर पहुंचा। बच्चे के दादा ने बताया कि आरोपी ने आकर कहा कि “किसी ने आपके पोते को उठा लिया है और उसकी हत्या कर दी है।”
इसके बाद परिवार और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो तालाब की पाल पर मासूम का शव पड़ा मिला। शव के पास टूटी हुई मटकी, खून से सनी लकड़ी और तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल होने वाला सामान पड़ा था।
*खून से सने कपड़े बदलने पर हुआ शक*
परिवार वालों को शुरुआत में आरोपी पर शक नहीं हुआ क्योंकि वह खुद घटना की जानकारी देने पहुंचा था। लेकिन वह बार-बार अलग-अलग कहानियां बताने लगा। पुलिस को सूचना मिलने के बाद अचानक उसका गायब हो जाना संदेह पैदा कर गया।
पुलिस ने तलाश कर उसे पकड़ा तो सामने आया कि उसने खून लगे कपड़े बदल दिए थे। सख्ती से पूछताछ करने पर आखिरकार उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
*परिवार का रो-रोकर बुरा हाल*
मृतक बच्चे के पिता ने कहा कि उनका बेटा किसी का क्या बिगाड़ सकता था। उन्होंने आरोपी को फांसी देने की मांग की है। वहीं बच्चे के दादा ने कहा कि उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि गांव का परिचित युवक इतना बड़ा हैवान बन जाएगा।
परिजनों ने प्रशासन से आरोपी और उसे उकसाने वाले तांत्रिक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
*एफएसएल टीम ने जुटाए सबूत*
घटना की सूचना मिलते ही शिवपुरा थाना पुलिस और सोजत पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वीडियोग्राफी भी करवाई। पुलिस ने मौके से खून से सनी लकड़ी, टूटा हुआ मटका और अन्य संदिग्ध सामग्री जब्त की है।
*पुलिस बोली – हर एंगल से जांच जारी*
सोजत डीएसपी रतन देवासी ने बताया कि आरोपी को डिटेन कर लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
पुलिस अब उस तांत्रिक की तलाश कर रही है जिसने कथित तौर पर युवक को नरबलि देने के लिए उकसाया। साथ ही आरोपी के पुराने आपराधिक व्यवहार और मानसिक स्थिति की भी जांच की जा रही है।