राकेश भटनागर
सोजत सिटी। नगरपालिका चुनाव को लेकर नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही अब चुनावी मैदान की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। नाम वापसी के अंतिम दिन बुधवार को 18 अभ्यर्थियों ने अपना नामांकन वापस लिया, जबकि इससे पहले बुधवार को ही 11 अभ्यर्थियों ने नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की थी। इस तरह अब तक कुल 29 अभ्यर्थी चुनावी मुकाबले से बाहर हो चुके हैं।
नाम वापसी के बाद अब सोजत सिटी नगरपालिका के 40 वार्डों के लिए कुल 132 प्रत्याशी चुनावी मैदान में शेष रह गए हैं, जो अब आगामी चुनाव में अपनी किस्मत आजमाएंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही सभी वार्डों में प्रत्याशियों की स्थिति स्पष्ट हो गई है और अब मतदाताओं के सामने अंतिम सूची तय हो चुकी है।
कल होगा चुनाव चिन्हों का आवंटन
रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रवि प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि 4 सितंबर, शुक्रवार को सुबह 11 बजे से सभी शेष प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। चुनाव चिन्ह मिलने के बाद प्रत्याशी अपने-अपने वार्डों में औपचारिक रूप से प्रचार अभियान की शुरुआत कर सकेंगे।
नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी की निगाहें चुनाव चिन्ह आवंटन पर टिकी हैं, जिसके बाद वार्डवार प्रचार अभियान और तेज होने की संभावना है। प्रशासन की ओर से चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।





