सोजत में जल निकासी की समस्या को लेकर मोहल्लेवासियों का ज्ञापन, जल्द समाधान की मांग।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। शहर के बेरा कागावा क्षेत्र में जल निकासी की गंभीर समस्या को लेकर रामलाल सांखला के नेतृत्व में मोहल्लेवासियों ने उपखंड अधिकारी सोजत को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।
रामलाल सांखला ने बताया कि बेरा कागावा वार्ड संख्या 06 से काका चौराहे तक आवागमन का यह एकमात्र रास्ता है, जहां स्थित करीब 10 से 15 घरों से निकलने वाले पानी की निकासी के लिए नाली निर्माण का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ है। नाली का कार्य रुके होने के कारण पानी रास्ते में भर जाता है, जिससे आमजन और मोहल्लेवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश और नियमित घरेलू उपयोग के पानी के कारण सड़क पर जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे पैदल चलने वालों के साथ-साथ दोपहिया व चारपहिया वाहन चालकों को भी दिक्कत होती है। वहीं, गंदा पानी जमा रहने से क्षेत्र में बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने की आशंका भी बनी रहती है।

ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि जल्द से जल्द नाली निर्माण कार्य को पूर्ण कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

इस दौरान बड़ी संख्या में पुरुषों और महिलाओं ने एकजुट होकर ज्ञापन सौंपा, जिनमें प्रमुख रूप से गवरी देवी, मांगीलाल,महेंद्र पालरिया, लक्ष्मण, किशन लाल, उषा देवी, कमला, रुकमा, शोभा, नवीन गेहलोत, मदनलाल गेहलोत, हिना, शंकरलाल सहित अन्य मोहल्लेवासी उपस्थित रहे।
मोहल्लेवासियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द इस समस्या का समाधान करे नही तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा।



