सोजत में पोस्टकार्ड अभियान: अमर शहीद चन्द्रशेखर आजाद को ‘राष्ट्र रत्न’ सम्मान देने की मांग।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। स्थानीय बिलाडियागेट उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को शाला समय पश्चात एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्रों, शिक्षाविदों और महिलाओं ने बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम पोस्टकार्ड भेजकर सोजत क्षेत्र में चल रहे चार सूत्रीय अभियान के समर्थन में अपनी मांगें रखीं।
कार्यक्रम में 27 फरवरी 2026 को महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की 95वीं पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें ‘राष्ट्र रत्न’ की उपाधि देने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। साथ ही आजाद की जीवनी को केंद्र और सभी राज्यों के पाठ्यक्रम में शामिल करने, राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटना स्थलों के पास ‘चंद्रशेखर आजाद ब्लड बैंक’ स्थापित करने तथा देशभर के नगर निगम, नगर पालिका और ग्राम पंचायत स्तर पर ‘चंद्रशेखर आजाद जिम एवं व्यायामशाला’ शुरू करने की मांग भी पोस्टकार्ड के माध्यम से भेजी गई।

पोस्टकार्ड अभियान में श्रीमती चंद्र कला राजपूत, भंवर सिंह राठौड़, सुरेश मेवाड़ा, रमेश चौहान, पूरण सिंह राजपुरोहित, पंकज सैन, श्रीमती आशा राजपुरोहित, छैलकंवर मेवाड़ा, संतोष मीणा, सूर्य प्रभा दवे, रोहित, रेखा, फरजाना, रिंकू सहित विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनों ने देशभक्ति और जनजागरूकता के इस अभियान को आगे भी जारी रखने का संकल्प लिया।



