
✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा
सोजत। शहर के राजपोल गेट एसबीआई बैंक के पास क्षेत्र में शुक्रवार देर सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब प्रसिद्ध पूजा शूज स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान धुएं और आग की लपटों से घिर गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। दुकान के अंदर रखा जूते-चप्पलों सहित अन्य सामान जलने लगा और आग की गर्मी इतनी अधिक थी कि दुकान की दीवारों के पत्थर तक टूटकर नीचे गिरने लगे। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
नगर पालिका की दमकल टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही सोजत नगर पालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत करते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कई घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास की दुकानों तक भी आग फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
दमकल विभाग के कर्मचारियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया।
दुकानदार को लाखों रुपए का नुकसान
दुकान मालिक चंपालाल ने बताया कि आग में दुकान में रखा जूते-चप्पलों का भारी स्टॉक, फर्नीचर, काउंटर और अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आगजनी की इस घटना में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
दुकानदार का कहना है कि वर्षों की मेहनत से खड़ा किया गया कारोबार कुछ ही देर में बर्बाद हो गया। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
क्षेत्र में मची अफरा-तफरी
भीषण आग और धुएं के कारण राजकोट गेट क्षेत्र में देर सुबह तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सुरक्षा की दृष्टि से आसपास के लोगों को दूर हटाया गया। आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि आसपास मौजूद लोग भी सहम गए।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने प्रशासन से प्रभावित दुकानदार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। वहीं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
