सोजत में भव्य गौमहोत्सव,500 गौशालाओं को मिला बड़ा संबल- 4 करोड़ के अनुदान चेक किये वितरित।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। गुरु सेवा समिति प्रांगण में आयोजित भव्य गोमहोत्सव में गौ सेवा और संवर्धन का संदेश गूंजा। कार्यक्रम का आयोजन श्री गुरु गणेश मिश्री सेवा समिति, तमिलनाडु (चेन्नई) के तत्वावधान में किया गया, जिसमें प्रदेश के कई मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर राज्यभर की 500 गौशालाओं को कुल चार करोड़ रुपए के अनुदान चेक वितरित किए गए।
मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत तथा ऑल इंडिया एंटी टेररिस्ट फोर्स के अध्यक्ष मनिंदर सिंह बिट्टा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मदन दिलावर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास के मार्ग पर अग्रसर है और गौ सेवा जैसे कार्य समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
वहीं कन्हैयालाल चौधरी ने कहा कि अपनी मेहनत की कमाई से गौशालाओं को 4 करोड़ रुपए का अनुदान देना एक अनुकरणीय पहल है, जो गौ सेवा के प्रति गहरी निष्ठा को दर्शाती है।

ऑल इंडिया एंटी टेररिस्ट फोर्स के अध्यक्ष मनिंदर सिंह बिट्टा ने अपने संबोधन में कहा कि देश को मजबूत नेतृत्व की आवश्यकता है और वर्तमान नेतृत्व ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति से देश की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई है।
गोपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार गौशालाओं के विकास और गौ संवर्धन के लिए लगातार प्रयासरत है।
इस अवसर पर विधायक शोभा चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि जुगलकिशोर निकुंम, गुरु सेवा समिति के पदमचंद धोका, विकास धोका, पुष्पतराज मुणोत, ललित पगारिया, महावीर श्रीश्रीमाल, मंगलचंद मुणोत सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का सम्मान किया गया और गौ सेवा के संकल्प के साथ गौमहोत्सव का समापन हुआ।




