
ओमप्रकाश बोराणा के साथ अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आम घांची समाज सोजत द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य शोभायात्रा का आयोजन बड़े श्रद्धा भाव और उत्साह के साथ किया गया। शोभायात्रा में शिव भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला, जहां श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए।

शोभायात्रा में शिव ताण्डव, अघोरी, श्रीराम लला, श्रीराधा-कृष्ण, वीर हनुमान सहित अनेक आकर्षक झांकियां सजाई गईं। साथ ही चंग की थाप पर डांडिया नृत्य, छाता नृत्य एवं दुर्गा वाहिनी की बहनों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने सभी का मन मोह लिया।

इन मार्ग से होकर निकली शोभायात्रा…
भव्य शोभायात्रा नवचौकिया पांच मोहल्ला भवन से प्रारंभ होकर जोधपुरिया दरवाजा, पाली दरवाजा, मैन बाजार, मालियों की हवेली, पावटी का बास होते हुए घांचियों की प्याऊ स्थित पूरणेश्वर धाम पहुंची। वहां भगवान शिव का विशेष पूजन-अर्चन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।

भक्तिमय माहौल और उत्साह का नज़ारा…
शोभायात्रा के दौरान शिवभक्तों का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था। डीजे की मधुर भक्तिमय धुनों और नासिक ढोल की थाप पर नाचते युवाओं ने पूरे शहर को शिवमय वातावरण में रंग दिया। शोभायात्रा के सबसे आगे सजे-धजे ऊंट, उसके बाद बैंड-बाजों की मधुर धुनें और फिर पुरुषों एवं महिलाओं की अलग-अलग गैर में छतरियों और डाडियो के साथ किया गया नृत्य विशेष आकर्षण का केन्द्र रहा।

झांकियों और गुलाल एंव पुष्पवर्षा ने बढ़ाई शोभा…
विजय आदर्श मंदिर विद्यालय द्वारा प्रस्तुत भगवान शिव-पार्वती परिवार की झांकी विशेष रूप से सराही गई। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा पर पुष्पवर्षा की तथा जमकर गुलाल उड़ाया गया,शोभायात्रा मे पुरे रास्ते भक्तिजनो के लिए ठण्डाई के प्रसाद कि व्यवस्था रही, जिससे पूरा बाजार भक्तिमय रंगों से सराबोर हो गया।

धान मंडी चौराहे पर सोजत व्यापार मंडल द्वारा शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया तथा समाज के चौधरियों, पंचों एवं गणमान्यजनों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।

शोभायात्रा मे गणमान्यजन रहे उपस्थित..
शोभायात्रा में चेयरमैन मंजू जुगलकिशोर निकुंम, घांची समाज अध्यक्ष नरपतराज सोलंकी,महेन्द्र राठौड़, पार्षद राकेश पंवार, तरुण सोलंकी, भाजपा नेता संजय पंवार सहित गणपतलाल पंवार, मोहन सोलंकी, भगाराम बोराणा, सुरेश पंवार, बाबूलाल पंवार, चुन्नीलाल साहेब, जवरीलाल बोराणा, नथाराम बोराणा, थानाराम बोराणा, मोहनलाल बोराणा, श्यामलाल निकुंम, प्रकाश देवड़ा, वचनाराम भाटी, प्रकाश गेहलोत, सोनाराम परिहार, फाउलाल निकुंम, मुन्नालाल निकुंम, चेनाराम भाटी सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

आज शहर मे निकली यह भव्य शोभायात्रा भक्ति, संस्कृति और सामाजिक एकता का अद्भुत उदाहरण बनी, जिसमें पूरे शहर ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और महाशिवरात्रि पर्व को यादगार बना दिया।




