राकेश भटनागर
सोजत। पाली सरस डेयरी द्वारा आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त दूध उपलब्ध कराने तथा दुग्ध विक्रेताओं को गुणवत्ता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पाली दरवाजा, सोजत सिटी में “दूध का दूध, पानी का पानी” जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दुग्ध विक्रेताओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने दूध के नमूनों की जांच करवाई।
शिविर का संचालन विपणन प्रभारी सोहनी देवी के नेतृत्व में किया गया। उनके साथ मार्केटिंग स्टाफ कुलदीप सिंह कुंपावत, रविन्द्र सिंह सोढा एवं भरत सैन ने दूध के नमूनों की जांच की। टीम ने कुल 57 दूध के सैंपलों की गुणवत्ता की जांच की।
जांच रिपोर्ट के अनुसार 29 सैंपल निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरे, जबकि 28 सैंपल निम्न गुणवत्ता के पाए गए। जांच के बाद संबंधित दुग्ध विक्रेताओं को गुणवत्ता में सुधार लाने, दूध में किसी भी प्रकार की मिलावट से बचने तथा उपभोक्ताओं तक शुद्ध दूध पहुंचाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर सरस डेयरी अधिकारियों ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों में शुद्ध दूध के प्रति जागरूकता बढ़ाना, दुग्ध उत्पादकों एवं विक्रेताओं को गुणवत्ता मानकों की जानकारी देना तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी विभिन्न क्षेत्रों में इस प्रकार के जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि मिलावट पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और लोगों को गुणवत्तायुक्त दूध उपलब्ध हो सके।
शिविर के दौरान उपस्थित लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, जिससे दूध की गुणवत्ता बनी रहे और उपभोक्ताओं का विश्वास मजबूत हो।


