सोजत: 106 साल की हुई सेणी बाई: याददाश्त कमाल की, आठ पीढ़ियां देखीं, आज भी जीवन में सादगी और भक्ति का संगम।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। स्थानीय हायर सेकेंडरी रोड निवासी 106 वर्षीय सेणी बाई (धर्मपत्नी खुमाराम जी परिहार) आज भी अपनी अद्भुत याददाश्त और सादगीपूर्ण जीवनशैली के कारण चर्चा का विषय बनी हुई हैं। इस उम्र में भी उनकी स्मरण शक्ति इतनी तेज है कि वे अपने सभी रिश्तेदारों और परिचितों के नाम के साथ उनके पिता का नाम तक सहजता से याद रखती हैं।

सेणी बाई, जो बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट देवाराम परिहार की माताजी हैं, ने अपने जीवन में आठ पीढ़ियां देखी हैं। उनका कहना है कि यह उनके लिए ईश्वर का आशीर्वाद है। हाल ही में उन्होंने अपने पोते की शादी में उत्साहपूर्वक भाग लिया और जमकर नृत्य भी किया। अब जुलाई माह में उनकी पड़पोती की शादी होने जा रही है, जिसे लेकर परिवार में खास उत्साह है।
सेणी बाई के तृतीय पुत्र राजेंद्र परिहार बताते हैं कि उनकी माताजी ने पूरी जिंदगी सादगी को अपनाया और कभी अंग्रेजी चाय तक नहीं पी। उनका जीवन अनुशासन, सादा भोजन और नियमित भगवान के जाप में बीता है, जो उनकी लंबी उम्र और स्वस्थ मानसिक स्थिति का मुख्य कारण माना जा रहा है।
सेणी बाई ने अपने जीवन में कई ऐतिहासिक घटनाएं अपनी आंखों से देखी हैं, जिनमें भारतीय स्वतंत्रता, भारत विभाजन, भारत-चीन युद्ध, भारत-पाकिस्तान युद्ध और हाल का कोविड-19 महामारी शामिल हैं।
मूल रूप से धोलीवाड़ी निवासी सेणी बाई वर्तमान में अपने पुत्रों, पोते-पोतियों के साथ हायर सेकेंडरी रोड पर सुखपूर्वक जीवन व्यतीत कर रही हैं। वे आज भी ईश्वर भक्ति, सादगी और सकारात्मक सोच के साथ जीवन जी रही हैं, जो नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।



