
Sojat
*वरिष्ठ पत्रकार: ओमप्रकाश बोराणा*
सोजत। पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टेट हाईवे चाड़वास–जोधपुर मार्ग पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से अवैध डोडा-पोस्त की बड़ी खेप जब्त की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर सोजत पुलिस द्वारा विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने चाड़वास मार्ग पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें ट्रॉली के भीतर बड़ी चतुराई से छुपाकर रखे गए करीब कहीं कट्टों में भरा लाखों रुपये मूल्य का डोडा-पोस्त बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके पर ही ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया तथा चालक अरुण को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर गहन पूछताछ शुरू की गई है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह अवैध मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। साथ ही इस तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क, संभावित सहयोगियों और पूर्व में की गई आपूर्तियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि यह मामला संगठित मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ा हो सकता है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है।



