सोजत में 21 मार्च से शुरू होगा ‘एक प्याला परिंदों का निवाला’ अभियान, पक्षियों व पशुओं के लिए होंगे भोजन व पानी के विशेष इंतजाम।

अकरम ख़ान
2 Min Read

अकरम खान की रिपोर्ट।

सोजत। अंतरराष्ट्रीय वन दिवस 21 मार्च से सोजत की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में “एक प्याला परिंदों का निवाला” अभियान शुरू किया जाएगा। यह अभियान समन्वयक श्री अनोपसिंह लखावत के मार्गदर्शन में संचालित होगा।

लखावत ने बताया कि भीषण गर्मी के दौरान मूक पशु-पक्षियों की रक्षा और उनके लिए भोजन-पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह अभियान हर वर्ष चलाया जाता है। इस वर्ष भी चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन, वरिष्ठ नागरिक समिति, पेंशनर समाज, सोजत सेवा मंडल, अभिनव कला मंच, भारत विकास परिषद, सोशल वेलफेयर फेडरेशन ऑफ इंडिया तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त सहयोग से पूरे क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अभियान के तहत शहर और आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों के लिए चुग्गा पात्र लगाए जाएंगे तथा उन्हें शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए परिंडे बांधे जाएंगे। इसके साथ ही चींटियों के लिए नारियल-बाजरी का चूरमा रखा जाएगा और गौशालाओं में गायों के लिए यथासंभव हरा व सूखा चारा तथा गुड़ उपलब्ध कराया जाएगा।

इसके अलावा बस स्टैंड पर आमजन और राहगीरों के लिए शीतल पेयजल प्याऊ भी संचालित की जाएगी। अभियान के अगले चरण में जून माह के अंत में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

इस अभियान में वरिष्ठ नागरिक समिति के अध्यक्ष सुरेश ओझा, पेंशनर समाज अध्यक्ष लालचंद मोहिल, सोजत सेवा मंडल मंत्री पुष्पत राज मुणोत, अभिनव कला मंच अध्यक्ष गोरधनलाल गहलोत, सचिव चेतन व्यास, भारत विकास परिषद अध्यक्ष देवीलाल सांखला, हितेंद्र व्यास, सत्यनारायण गोयल, रामस्वरूप भटनागर, जवरीलाल बौराणा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं का सानिध्य रहेगा।

उल्लेखनीय है कि सोजत की सामाजिक संस्थाएं हर वर्ष भीषण गर्मी के दौरान परिंडा अभियान चलाकर मूक पशु-पक्षियों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था करती रही हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण और जीव-दया का प्रेरणादायक संदेश समाज तक पहुंचता है।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!