सोजत:आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित, 200 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मिला योजनाओं का प्रशिक्षण।

अकरम ख़ान
3 Min Read

अकरम खान की रिपोर्ट।

सोजत। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से विभागीय योजनाओं की प्रभावी क्रियान्विति और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की क्षमता वृद्धि के उद्देश्य से दो दिवसीय गैर आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम 6 व 7 मार्च को नगर पालिका सभागार, सोजत सिटी में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में सोजत ब्लॉक की लगभग 200 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना, मुख्यमंत्री अमृत आहार योजना, कालीबाई भील उड़ान योजना तथा पोषण ट्रैकर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। विभाग द्वारा चलाए जा रहे प्रेरणा अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लाभार्थियों को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही आभा आईडी, अपार आईडी, फैमिली सर्वे तथा केंद्रों की आधारभूत संरचना से संबंधित जानकारी भी साझा की गई।

कार्यक्रम में सीडीपीओ आलोक शर्मा ने बताया कि विभाग की योजनाओं की जानकारी और उनके बेहतर क्रियान्वयन के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचा रही हैं। इसी उद्देश्य से ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण देकर कार्यकर्ताओं की क्षमता का विकास किया जा रहा है ताकि विभाग की सेवाओं को सुचारू रूप से लागू किया जा सके।

उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पूरक पोषाहार, शाला पूर्व शिक्षा, पोषण एवं स्वास्थ्य शिक्षा, टीकाकरण, स्वास्थ्य जांच और रेफरल सेवाएं जैसी छह प्रमुख सेवाएं प्रदान की जाती हैं, जो समाज के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों की आधारभूत संरचना को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा बजट जारी किया गया है, जिसके तहत विभिन्न केंद्रों पर मरम्मत कार्य भी कराए जा रहे हैं।

सीडीपीओ ने बताया कि आगामी समय में मुख्यमंत्री सुपोषण न्यूट्री योजना के तहत लाभार्थियों को पौष्टिक किट वितरित की जाएगी। वहीं कालीबाई भील उड़ान योजना के तहत जिले में सैनिटरी नैपकिन का वितरण भी जल्द शुरू किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान समुदाय गतिविधि, बच्चों का वजन-लंबाई मापन, व्यक्तित्व निर्माण तथा गृह भ्रमण जैसे विषयों पर भी विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।

उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया भी जारी है तथा नई नियुक्त कार्यकर्ताओं को कार्यभार ग्रहण करवाया जा रहा है। प्रशिक्षण में शामिल कार्यकर्ताओं के लिए चाय-नाश्ता और भोजन की भी व्यवस्था की गई।

इस अवसर पर महिला पर्यवेक्षक आशा बारासा, काजल मीणा, कनिष्ठ लेखाकार वीणा मेवाड़ा, महिला अधिकारिता सुपरवाइजर कविता परिहार, मनोज धवन, अजीज प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधि विक्रम सिंह सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!