टी20 विश्वकप 2026: चैम्पियन बनी टीम इंडिया, सोजत के क्रिकेट प्रेमियों ने बड़ी LED पर देखा मैच- जीत पर जमकर मनाया जश्न।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। टी20 क्रिकेट विश्व कप के फाइनल मुकाबले को देखने के लिए शहर में खासा उत्साह देखने को मिला। जोधपुरीया गेट के बाहर क्रिकेट प्रेमियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी, जहां बड़ी एलईडी स्क्रीन और साउंड सिस्टम लगाकर लोगों ने धूमधाम से मैच का आनंद लिया।

जोधपुरीया गेट चौराहे से पाली दरवाजा जाने वाली सड़क के किनारे बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होकर मैच देखते रहे। भारत के बल्लेबाजों द्वारा लगाए गए हर चौके-छक्के और गेंदबाजों द्वारा लिए गए न्यूजीलैंड के हर विकेट पर ढोल-थाली के साथ जोशीली धुनें बजाई जाती रहीं। इस दौरान मौजूद क्रिकेट प्रेमी जमकर नाचे और “भारत माता की जय” तथा “जीतेगा भाई जीतेगा, हिंदुस्तान जीतेगा” जैसे जोशीले नारे लगाते हुए टीम इंडिया का उत्साहवर्धन करते रहे।

मैच के अंतिम क्षणों में जैसे ही न्यूजीलैंड का आखिरी विकेट गिरा, वहां मौजूद लोगों ने जबरदस्त आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन ने शानदार 89 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 52 और ईशान किशन ने 54 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली।

255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 159 पर 19 ओवर मे ही सिमट गई।
इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्वकप जीता और कुल तीन टी20 विश्वकप जीतकर इतिहास रच दिया और ऐसा करने वाली पहली टीम भारत बन गई।
सोजत न्यूज की ओर से टीम इंडिया और देशभर के क्रिकेट प्रेमियों को इस ऐतिहासिक जीत की हार्दिक बधाई दी गई।




