सोजत नगर पालिका में फिंगर मशीन का इंतजार, अधिकारी देर से पहुंचने से जनता परेशान

वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा सोजत न्यूज़
सोजत।
सोजत की सोजत नगर पालिका में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर आम लोगों में लगातार नाराजगी बढ़ती जा रही है। नगर पालिका में अभी तक कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए बायोमेट्रिक (फिंगर) मशीन नहीं लगाई गई है, जिसके कारण कई अधिकारी और कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंच रहे हैं।
बताया जा रहा है कि कई बार सुबह 10 से 11 बजे तक भी अधिकारी कार्यालय में नहीं पहुंचते, जबकि आम नागरिक अपने काम करवाने के लिए सुबह से ही नगर पालिका के चक्कर काटते रहते हैं। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कई बार बिना काम हुए ही वापस लौटना पड़ता है।
आम जनता को लग रहे बार-बार चक्कर
नगर पालिका में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पट्टा, सफाई व्यवस्था, कर जमा कराने सहित कई जरूरी कार्यों के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। लेकिन अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण लोगों को एक ही काम के लिए कई-कई बार नगर पालिका के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित नहीं होगी, तब तक आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हो पाएगा।
राजस्थान के कई कार्यालयों में लग चुकी है मशीन
राज्य सरकार द्वारा सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक फिंगर मशीन लगाने की व्यवस्था की जा चुकी है। राजस्थान के कई सरकारी विभागों और नगर निकायों में यह व्यवस्था लागू भी हो चुकी है।
लेकिन हैरानी की बात यह है कि सोजत नगर पालिका अभी भी इस व्यवस्था का इंतजार कर रही है, जिससे कर्मचारियों की उपस्थिति पर प्रभावी निगरानी नहीं हो पा रही है।
व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
नगर के लोगों का कहना है कि यदि नगर पालिका में फिंगर मशीन लग जाए तो कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचना अनिवार्य हो जाएगा, जिससे जनता के काम भी समय पर हो सकेंगे।
फिलहाल नगरवासियों का आरोप है कि नगर पालिका की व्यवस्था “राम भरोसे” चल रही है और प्रशासन इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहा है।
लोगों की मांग
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि
नगर पालिका में जल्द से जल्द बायोमेट्रिक फिंगर मशीन लगाई जाए
अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित की जाए
जनता के काम समय पर करने के लिए कड़ी निगरानी व्यवस्था लागू की जाए
नगरवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे इस मुद्दे को जिला प्रशासन के सामने उठाए जाएंगे




