सोजत बचाओ ज्ञापन रैली में शहरवासियों का नशे के खिलाफ भी दिखा जनआक्रोश, मुख्यमंत्री के नाम भेजे पोस्टकार्ड।

अकरम ख़ान
2 Min Read

अकरम खान की रिपोर्ट।

सोजत। सोजत बचाओ आंदोलन के दौरान शहर में बाईपास की मांग के साथ-साथ अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ भी लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया। आंदोलन के दौरान कई नागरिकों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम पोस्टकार्ड भेजकर सोजत में स्मैक, गांजा व अन्य नशीले पदार्थों की बढ़ती आपूर्ति पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

पोस्टकार्ड में उल्लेख किया गया कि सोजत में 16 वर्ष से 35 वर्ष तक की आयु के किशोर और युवा तेजी से स्मैक, गांजा सहित अन्य मादक पदार्थों की लत का शिकार बनते जा रहे हैं। नागरिकों ने मुख्यमंत्री से इस गंभीर समस्या पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई करने की अपील की है।

उल्लेखनीय है कि इस मुद्दे को लेकर क्षेत्रीय विधायक श्रीमती शोभा चौहान ने भी विधानसभा में विशेष नियम के तहत ध्यान आकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से अवैध मादक पदार्थों की समस्या को उठाया था।

सोमवार को सोजत बचाओ संघर्ष समिति द्वारा निकाली गई रैली के दौरान भी कई लोगों ने नशे के खिलाफ मुख्यमंत्री के नाम पोस्टकार्ड भेजकर प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान अमित सिंह कच्छवाह, डॉ. आनंद भाटी, जुगल किशोर निकुंम, मानवेन्द्र भाटी,राजेश सांखला, जोगेश जोशी, विश्व हिंदू परिषद के महेंद्र टांक, मांगीलाल चौहान, ताराचंद सैनी, मदन लाल, संतोष सिंह, मिश्रीलाल सांखला, विकास गहलोत, लोकेश श्रीवास्तव, चंद्रशेखर शर्मा सहित कई लोग मौजूद रहे।

गौरतलब है कि सोजत और आसपास के क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की आपूर्ति को लेकर लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

शहरवासियों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो युवाओं का भविष्य गंभीर खतरे में पड़ सकता है।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!