
सोजत न्यूज़ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश
सोजत (पाली)। शिवपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सुरायता गांव में मंगलवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरायता गांव में एक युवक का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलने पर शिवपुरा थानाधिकारी भंवरलाल विश्नोई पुलिस जाब्ते के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
मौके पर पुलिस को शव के पास से छर्रा और माचिस भी बरामद हुई है, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध नजर आ रहा है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच करते हुए साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
मृतक की पहचान करीब 40 वर्षीय भैराराम के रूप में हुई है, जो चौकीदारों की ढाणी का निवासी बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार, भैराराम पिछले करीब 6 दिनों से घर से लापता था, जिसकी तलाश भी की जा रही थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोजत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। यह आत्महत्या है या हत्या, इसको लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में भय और चर्चा का माहौल बना हुआ है, वहीं परिजन गहरे सदमे में हैं।



