सोजत में हिन्दू नववर्ष का भव्य स्वागत: विशाल धर्म यात्रा में उमड़ा जनसैलाब।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। हिन्दू जागरण मंच नववर्ष स्वागत समिति के तत्वावधान में हिन्दू नववर्ष के उपलक्ष्य में शहर में भव्य धर्म यात्रा निकालकर नववर्ष का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। संतों के सानिध्य में यह शोभायात्रा जैतारणिया गेट के बाहर स्थित काला गौरा भेरू जी मंदिर से प्रारंभ होकर राजपोल गेट के बाहर स्थित मल्केश्वर महादेव जी मंदिर तक निकाली गई।

धर्म यात्रा का दृश्य अत्यंत आकर्षक और उत्साहपूर्ण रहा। शोभायात्रा में सबसे आगे घोड़ों पर सवार मातृशक्ति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया, वहीं पीछे विशाल भारत माता की तस्वीर के साथ आकर्षक झांकी सजाई गयी थी, तो डीजे की मधुर धुनों पर युवाओं ने जोशपूर्ण नृत्य प्रस्तुत किया। नववर्ष के स्वागत में लगाए जा रहे जोशीले नारों से पूरा वातावरण ऊर्जा और उल्लास से भर गया।

विरांगना वाहिनी द्वारा प्रस्तुत शौर्य नृत्य ने शोभायात्रा में विशेष आकर्षण पैदा किया और दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य बाजार में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर धर्म यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।

यात्रा के समापन पर राजपोल गेट के बाहर, दादावाड़ी के सामने स्थित मल्केश्वर महादेव जी मंदिर में भारत माता की महाआरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

इस अवसर पर कल्याणसिंह राजपुरोहित, राहुल सोलंकी, लोकेश श्रीवास्तव, राजकुमार चौधरी, गजेंद्र सिंह, राकेश सांखला, अरविंद वैष्णव, अनोपसिंह लखावत, बसंत सिंह लखावत, आनंद जी भाटी, नाहरसिंह राठौड़, मिश्रीलाल सांखला, गणपत पंवार, कैलाश चावला, महेंद्र टांक,ताराचंद सैनी,राकेश भटनागर सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजनो के साथ शहरवासियों की उपस्थिति रही।



