
अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। “प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती, वह अपना परिचय स्वयं दे देती है”—इस कहावत को सोजत की होनहार बालिका मन्नत टांक ने चरितार्थ कर दिखाया है। 10वीं बोर्ड के घोषित परीक्षा परिणाम में मन्नत ने शानदार 98.67% अंक प्राप्त कर पाली जिले मे पहला और राजस्थान मे सांतवा स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे शहर का नाम रोशन किया है।

परीक्षा परिणाम घोषित होते ही शहरभर में “मन्नत” नाम चर्चा का विषय बन गया। अपनी सफलता पर मन्नत ने बताया कि उसे पढ़ाई का विशेष शौक है। जहां आज के समय में अधिकतर बच्चे टीवी और मोबाइल में समय बिताते हैं, वहीं मन्नत ने इनसे दूरी बनाकर अपने खाली समय का पूरा उपयोग पढ़ाई में किया। उसकी इसी लगन और मेहनत का परिणाम आज पूरे शहर के सामने है।

मन्नत एक मध्यमवर्गीय परिवार से संबंध रखती है। उसके पिताजी लक्ष्मण टांक सब्जी का व्यापार करते है, जबकि माताजी सब्जी का ठेला लगाकर परिवार का सहयोग करती हैं। परिवार ने मन्नत की पढ़ाई के प्रति रुचि को समझते हुए उसे डीपीएस स्कूल में शिक्षा दिलाई, और मन्नत ने 98.67% अंक हासिल कर उनकी उम्मीदों पर खरा उतरते हुए गर्व का अवसर प्रदान किया।

मन्नत के दादाजी गणपतजी टांक ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें अपनी पोती की मेहनत पर पूरा भरोसा था, लेकिन उसने उम्मीद से भी बेहतर प्रदर्शन कर परिवार का मान बढ़ाया है।

मन्नत अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, दादाजी, परिवारजनों और गुरुजनों को देते हुए आगे भी इसी लगन से पढ़ाई जारी रखने का संकल्प व्यक्त करती है।

मन्नत की इस उपलब्धि पर उसके मोहल्लेवासी सनसिटी पार्क, नर्सिहपुरा कॉलोनी के सतीश गेहलोत, निर्मल वैष्णव, दीपांशु राव, फिरोज, मुरलीधर, जगदीश महाराज, प्रकाश जांगिड़, सुरेश मेवाड़ा, गनी भाई सहित अन्य मोहल्लेवासियों एवं शुभचिंतकों ने उसके निवास पर पहुंचकर साफा पहनाकर, मिठाई खिलाकर बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



