सोजत में महावीर जयंती पर उमड़ा आस्था का सैलाब, शहर मे निकली भव्य शोभायात्रा ।

अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के तहत मंगलवार को नगर में जैन समाज द्वारा निकाली गई भव्य शोभायात्रा में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। पूरा शहर “भगवान महावीर स्वामी” के जयकारों से गूंज उठा और हर ओर धार्मिक उत्साह का माहौल छा गया।

धान मंडी स्थित आराधना मंदिर मे विराजित साध्वी दीप्ती दर्शना श्री जी और साध्वी अर्हम श्री जी म. सा. के सानिध्य मे शुरू हुई यह शोभायात्रा आड़ा बाजार, चारभुजा मंदिर चौराहा, मुख्य बाजार, सब्जी मंडी, सिनेमा हॉल तिराहा और राजपोल गेट होते हुए महावीर सर्किल पहुंची, जहां विधिवत समापन हुआ। यात्रा के दौरान सजे-धजे पुरुष, महिलाएं और युवा भक्ति में लीन होकर भगवान महावीर के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।

महावीर सर्किल पर झंडारोहण कर भगवान महावीर को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। इस अवसर पर नगर के महावीर मंदिर, गौड़ी पारसनाथ मंदिर, आदेश्वर भगवान मंदिर, विमलनाथ भगवान मंदिर, कुशलवाड़ी जैन मंदिर सहित अन्य मंदिरों में आकर्षक श्रृंगार और विशेष आंगी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर आराधना भवन में आयोजित प्रवचन कार्यक्रम में साध्वी दीप्ती दर्शना श्री जी ने भगवान महावीर स्वामी के जीवन पर आधारित अनेक ज्ञानवर्धक एवं जीवनोपयोगी संस्मरण प्रस्तुत किए। उन्होंने श्रोताओं को जीवन में त्याग, संयम और अपरिग्रह अपनाने तथा अपना सर्वस्व प्रभु महावीर को समर्पित करने की प्रेरणा दी।
वहीं साध्वी अर्हम श्री जी ने मधुर एवं मनोहारी स्तवन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इस भव्य आयोजन में संजय संचेती, पुष्पतराज मुणोत, महेंद्र मेहता, नरपत मुणोत, अंकुर बलाई, गौतमचंद धोका, हेमंत सिंघवी, गजेंद्र सिंघवी, मनोज मुणोत, सुरेश सुराणा, मनीष कावेड़िया, उत्तम बलाई, गजेंद्र मेहता, विनोद लोढ़ा, सोहनलाल कोरिमुथा, पदम धोका, अशोक खारीवाल, राजेश कोरिमुथा, ललित पगरिया, सुरेश भंडारी, दीपक बांठिया, पक्षल बांठिया, राजेश सिंघवी, जवरीलाल सिंघवी, शांतिलाल सिंघवी, प्रवीण बोहरा, महेंद्र सिंघवी, सुरेश बलाई, अशोक कांकलिया, अमित जैन, विनीत बलाई, सी.पी. धोका,मनोज सिंघवी, दिनेश सिंघवी, अनिल सिंघवी, नरेंद्र खारीवाल, राहुल लोढ़ा, मोहन लोढ़ा, अनूप लोढ़ा,विकास धोका सहित उषा सिंघवी, संगीता भंडारी, रेखा कोरिमुथा, दीपिका श्रीश्रीमाल, निर्मला सिंघवी, गुणवती मेहता, ममता सिंघवी, डिंपल सिंघवी, अनिता बलाई, आशा सुराणा, उर्मिला मुणोत सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन ने नगर में धर्म, भक्ति और सामाजिक एकता की मिसाल पेश की।



