सोजत के खारिया सोडा में ग्रामीण रथ कार्यक्रम का सफल आयोजन, योजनाओं की जानकारी के साथ लोक संस्कृति की झलक



सोजत (पाली)। ग्राम पंचायत खारिया सोडा में ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से “ग्रामीण रथ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम ग्राम पंचायत खारिया सोडा के अधीनस्थ सभी ग्रामीणों की उपस्थिति में शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसमें वीडियो श्री नेमाराम सीरवी, शिविर प्रभारी रमेश कुमार, राजस्व विभाग से रेवेन्यू इंस्पेक्टर श्री हुकम सिंह चंपावत, कृषि विभाग से कृषि पर्यवेक्षक श्रीमती मीनू चौधरी, सरपंच, वार्ड पंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।

कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग की ओर से श्रीमती राजश्री श्रीमाली ने ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने तारबंदी, तलाई निर्माण, पाइपलाइन, आत्मा पुरस्कार, मिनी किट वितरण, फसल प्रदर्शन, कृषक भ्रमण गोष्ठी जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही किसानों को इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए लोक संस्कृति का भी सहारा लिया गया। लोक कलाकारों ने पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रभावी ढंग से प्रचार-प्रसार किया, जिससे ग्रामीणों में उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही इस प्रकार के कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य है। ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे आयोजनों की निरंतरता की मांग की।

खारिया सोडा में आयोजित यह ग्रामीण रथ कार्यक्रम न केवल योजनाओं की जानकारी देने में सफल रहा, बल्कि सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जन-जागरूकता बढ़ाने का एक प्रभावी मंच भी साबित हुआ।

Leave a Comment

error: Content is protected !!