सोजत में दर्दनाक हादसा: मजदूरी के दौरान पत्थर की पट्टी टूटकर गिरी, श्रमिक सिकंदर की मौत



✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा

सोजत। पाली जिले के सोजत शहर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में मजदूरी कर रहे श्रमिक की मौत हो गई। पुराने मकान की पट्टियां उतारने के दौरान अचानक ऊपर से पत्थर की भारी पट्टी टूटकर मजदूर पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार हादसा सोजत सिटी थाना क्षेत्र के रॉकी जाव इलाके में हुआ। यहां एक पुराने मकान को तोड़ने और उसकी पत्थर की पट्टियां हटाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूरी कर रहे 45 वर्षीय सिकंदर पुत्र नूर मोहम्मद निवासी सोजत के ऊपर अचानक पत्थर की पट्टी टूटकर गिर गई। भारी पत्थर सीधे शरीर पर गिरने से सिकंदर गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।

साथियों ने तुरंत पहुंचाया अस्पताल

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल सिकंदर को सोजत के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हुई।

अस्पताल परिसर में उमड़ी भीड़

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समाज के लोग और परिजन सोजत राजकीय अस्पताल पहुंच गए। समाज के सैयद साजिद अली सहित कई मौजीज लोग अस्पताल परिसर और मोर्चरी पहुंचे तथा शोक व्यक्त किया। अस्पताल परिसर में देर तक लोगों की भीड़ लगी रही।

पोस्टमार्टम के बाद सौंपा जाएगा शव

पुलिस ने मौके की जानकारी लेने के बाद शव को सोजत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बताया जा रहा है कि मृतक सिकंदर मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

पुराने भवनों में कार्य के दौरान सुरक्षा पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद पुराने और जर्जर मकानों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे कार्यों के दौरान सुरक्षा उपकरण और सावधानियों का अभाव कई बार जानलेवा साबित हो जाता है।

Leave a Comment

error: Content is protected !!