जन्नत और हूर की चाह में मासूम की नरबलि!
✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा


सोजत, शिवपुरा थाना क्षेत्र के रामासनी सांदवान इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जन्नत पाने, हूर मिलने और सुंदर पत्नी की चाहत में अंधविश्वास के जाल में फंसे एक युवक ने 11 वर्षीय मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए शिवपुरा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पिछले करीब दो साल से नरबलि देने की फिराक में था और तांत्रिकों-मौलवियों के संपर्क में रहकर काले जादू और तंत्र-मंत्र के बहकावे में आ चुका था।
मासूम आरिफ को बाइक पर बैठाकर ले गया था आरोपी
जानकारी के अनुसार शिवपुरा थाना क्षेत्र के रामासनी सांदवान गांव निवासी 10 वर्षीय आरिफ पुत्र फिरोज खान 14 मई की शाम करीब 4:30 बजे खेत की ओर जाने के लिए घर से निकला था। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाला 20 वर्षीय शेरू खान उसे अपनी बाइक पर बैठाकर ले गया।
जब देर शाम तक आरिफ घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में बच्चे का शव मिलने से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया।
“नरबलि दोगे तो मिलेगी जन्नत और सुंदर पत्नी”
पुलिस पूछताछ में आरोपी शेरू खान ने जो खुलासे किए, उन्हें सुनकर पुलिस अधिकारी भी सन्न रह गए। आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से अप्सरा जैसी सुंदर पत्नी पाने और जन्नत हासिल करने की चाह रखता था।
इसके लिए वह विभिन्न तांत्रिकों और मौलवियों के संपर्क में था। आरोपी के अनुसार पहले उसे पशुबलि देने की सलाह दी गई, लेकिन बाद में कथित तांत्रिकों ने उसे नरबलि देने के लिए उकसाया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसे कहा गया था—
“अगर मासूम बच्चे की नरबलि दोगे तो धरती पर सुंदर बीवी मिलेगी, शादी के लिए खूबसूरत लड़की मिलेगी और जन्नत में हूर नसीब होगी*।
इन्हीं अंधविश्वासी बातों में आकर उसने मासूम आरिफ की हत्या कर दी।
दो साल से बना रहा था खौफनाक योजना
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पिछले करीब दो साल से नरबलि देने की योजना बना रहा था। वह लगातार तंत्र-मंत्र और काले जादू से जुड़े लोगों के संपर्क में था।
फिलहाल पुलिस आरोपी से उन तांत्रिकों और मौलवियों के बारे में पूछताछ कर रही है जिन्होंने उसे इस तरह के अंधविश्वास में धकेला। हालांकि आरोपी कई सवालों पर चुप्पी साध लेता है।
24 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। शिवपुरा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर आरोपी शेरू खान को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी संगठित तांत्रिक गिरोह के संपर्क में तो नहीं था।
गांव में मातम, लोगों में भारी आक्रोश
मासूम आरिफ की हत्या के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने आरोपियों और ऐसे अंधविश्वास फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
यह घटना एक बार फिर समाज में फैल रहे अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र और काले जादू के खतरनाक असर को उजागर करती है, जहां मासूम बच्चों तक की जान ली जा रही है।