गौशाला की लापरवाही या प्रशासन की अनदेखी? हर दिन हो रहे हादसे, मेहंदी व्यापारी बाल बाल बच्चा



✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा

रायपुर (पाली)। तहसील रायपुर के रामपुर कला स्थित श्री राम गौशाला के बाहर आवारा एवं गौशाला से निकली गायों के सड़क पर खड़े रहने से आए दिन दुर्घटनाएं होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि गौशाला प्रबंधन की लापरवाही और प्रशासन की उदासीनता के कारण यह सड़क अब हादसों का केंद्र बन चुकी है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।

मेहंदी व्यापारी अशोक पवार बाल-बाल बचे

ताजा मामला मेहंदी व्यापारी अशोक पवार के साथ हुआ। उन्होंने बताया कि वह प्रतिदिन की तरह अपनी बाइक से गौशाला के सामने से गुजर रहे थे। सड़क पर पहले से कई गायें खड़ी थीं। वह सावधानीपूर्वक सड़क के किनारे से निकलने का प्रयास कर रहे थे, तभी अचानक एक गाय उनकी ओर झपट पड़ी।

अशोक पवार के अनुसार, स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि उन्हें अपनी जान बचाने के लिए बाइक छोड़कर भागना पड़ा। इसके बाद कई गायें बाइक पर चढ़ गईं, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसे काफी नुकसान पहुंचा।

यहां तो हर रोज ऐसे हादसे होते हैं’

अशोक पवार का आरोप है कि जब उन्होंने इस घटना की जानकारी गौशाला संचालक को दी तो उन्हें जवाब मिला कि “यहां तो हर रोज ऐसे एक्सीडेंट होते हैं, तुम इस रास्ते से आना-जाना बंद कर दो।”

इस कथित जवाब ने स्थानीय लोगों में नाराजगी और बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि यदि हर दिन हादसे हो रहे हैं तो गौशाला प्रबंधन और प्रशासन की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए, न कि आम नागरिकों को रास्ता बदलने की सलाह दी जाए।

स्थानीय लोगों में रोष, कई लोग हो चुके हैं घायल

ग्रामीणों और राहगीरों का कहना है कि इस मार्ग पर गायों के कारण पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। किसी का हाथ टूट चुका है, किसी के पैर में गंभीर चोट आई है तो किसी के सिर में चोट लगी है। इसके बावजूद न तो गौशाला प्रबंधन ने पशुओं को सड़क पर आने से रोकने के लिए प्रभावी इंतजाम किए और न ही प्रशासन ने कोई कार्रवाई की।

हर दिन खतरे के साए में गुजरते हैं राहगीर

यह सड़क आसपास के गांवों और व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान, व्यापारी, विद्यार्थी और आम लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। सड़क पर मवेशियों की मौजूदगी के कारण हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

     प्रशासन से कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि श्री राम गौशाला प्रबंधन की कार्यप्रणाली की जांच कराई जाए तथा सड़क पर मवेशियों के आने से रोकने के लिए तत्काल प्रभावी व्यवस्था की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ा और जानलेवा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और गौशाला प्रबंधन की होगी।

Leave a Comment

error: Content is protected !!