✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा
सोजत। सोजत उपखंड के निकटवर्ती खारिया सोढ़ा गांव में शुक्रवार देर रात एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब डीजे पर नाचने के दौरान हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक की कथित रूप से लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई और शादी की खुशियां पलभर में शोक में बदल गईं।
मृतक की पहचान अंकित वाल्मीकि (22 वर्ष) के रूप में हुई है। अंकित मूल रूप से जोधपुर जिले के पीपाड़ क्षेत्र का निवासी था, लेकिन बचपन से ही अपने नाना मोहब्बत लाल के पास बिलाड़ा में रह रहा था। शुक्रवार को वह अपने नाना के साथ उनके साढू के पोते की शादी में शामिल होने खारिया सोढ़ा गांव आया था।
डीजे पर डांस के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात करीब 11 बजे गांव में बिंदोली निकाली जा रही थी। डीजे की धुन पर युवक और शादी में शामिल मेहमान नाच रहे थे। इसी दौरान अंकित का कुछ लोगों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार आरोपियों ने अंकित पर लात-घूंसों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। लगातार मारपीट के कारण वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घायल को अस्पताल ले जाने से भी रोका गया
परिजनों का आरोप है कि जब अंकित को कार में बैठाकर अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, तब भी हमलावर नहीं रुके। आरोप है कि उन्होंने कार को घेर लिया और डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि करीब एक घंटे तक कार को आगे नहीं बढ़ने दिया गया, जिससे घायल युवक को समय पर चिकित्सा नहीं मिल सकी।
बाद में ग्रामीणों के हस्तक्षेप के बाद एंबुलेंस बुलाई गई और गंभीर हालत में अंकित को सोजत के ट्रॉमा सेंटर लाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शव को सोजत राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां शनिवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण एकत्र हो गए। परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थानाधिकारी कमला लौहार ने शुरू की जांच
सोजत रोड थाना प्रभारी कमला लौहार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डीजे पर नाचने के दौरान विवाद हुआ था, जिसके बाद युवक के साथ मारपीट की गई। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
गांव में पसरा मातम, पुलिस की बढ़ी सतर्कता
इस घटना के बाद खारिया सोढ़ा गांव में शोक और तनाव का माहौल है। शादी समारोह की खुशियां एक पल में मातम में बदल गईं। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस क्षेत्र में सतर्कता बनाए हुए है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


