राकेश भटनागर
सोजत। पूर्व सैनिक संगठन, सोजत द्वारा रविवार को रामेलाव तालाब के पास स्थित सेन बगीची में 27वां कारगिल विजय दिवस पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई तथा उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर देश के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के सचिव हवलदार अशोक कुमार सेन ने अपने सुमधुर स्वर में जोशीले सैनिक गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनों में देशभक्ति का उत्साह भर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, सेना के प्रति सम्मान और देश सेवा की भावना को मजबूत करना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष पाबूसिंह जैतावत ने की। मुख्य अतिथि सुरेश ओझा रहे, जबकि विशनसिंह भाटी एवं भामाशाह जवरीलाल बौराणा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
मुख्य वक्ताओं सार्जेंट नाथूसिंह भाटी, चन्द्रशेखर शर्मा, पेंशनर समाज के अध्यक्ष लालचन्द मोयल तथा सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षक अल्लारख शेख ने कारगिल युद्ध के शौर्य, सैनिकों के अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से देशहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन राजस्थान शारीरिक शिक्षक संघ, जिला पाली के संरक्षक सत्तूसिंह भाटी ने किया, जबकि अंत में अध्यक्ष पाबूसिंह जैतावत ने सभी का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा उपस्थित लोगों को अल्पाहार वितरित किया गया।
इस अवसर पर हवलदार रुपाराम, हवलदार जोगसिंह, हवलदार मांगीलाल, हवलदार फतेहसिंह, रामचन्द्र गहलोत, हवलदार विजय सिंह, हवलदार नेपाल सिंह, हवलदार गोकुलराम देवासी, हवलदार महेन्द्र दास वैष्णव, लक्ष्मीनारायण, जवरीलाल सेन, भगवान सिंह, भारत सैन, रूद्र चौहान, ओमप्रकाश सैन सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





