सोजत में आचार्य बालकृष्ण ऋषि के जन्मोत्सव पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित

सोजत।

विश्वभर में आयुर्वेद की अलख जगाने वाले प्रमुख आचार्य बालकृष्ण ऋषि के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में महिला पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में स्थानीय डाक बंगला स्थित सार्वजनिक बगीचे में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने पौधों की नियमित देखभाल और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।

योग समिति की जिला अधिकारी एवं कार्यक्रम संयोजिका श्रीमती लीलावती आर्या ने बताया कि पौधरोपण राजस्थान सरकार के पूर्व केबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे के मुख्य आतिथ्य में किया गया जिसमें एडवोकेट राजेश चौधरी, समाजसेवी मंगलाराम मालवीय, ब्रह्माकुमारी की कविता व आरती, डॉ अनुसूया हर्ष, श्रीमती चंद्रकला सोनी, प्रमिला सोनी, तरुणा सोनी, इंजीनियर सुश्री उन्नति वर्मा, जागृति पुरुषवाणी, हेमा पुरुषवाणी, सरिता, अनुपमा, समाजसेवी राजेंद्र टाक, भुवनेश, हितेश, जवरीलाल आदि ने अपनी भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम के समापन पर संस्था की प्रमुख लीलावती आर्या द्वारा अतिथियों का अभिनंदन किया गया तथा उन्हें आर्ष साहित्य भेंट किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पौधरोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की जिम्मेदारी है। आचार्य बालकृष्ण ऋषि के जन्मोत्सव पर आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता एवं साहित्यिक संस्कारों का प्रेरणादायी संदेश देने वाला रहा।

error: Content is protected !!