राकेश भटनागर
सोजत। स्थानीय साहित्यकार एवं राष्ट्रीय समरस संस्थान साहित्य सृजन भारत, गांधीनगर (गुजरात) के राजस्थान प्रांतीय महामंत्री नवनीत राय ‘रुचिर’ को कोटा में आयोजित संभागीय साहित्य अधिवेशन में ‘समरस साहित्य सम्मान’ प्रदान किया गया। संस्थान के राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने उन्हें सम्मानित किया।
हिंदी पखवाड़े के तहत संस्थान की कोटा संभागीय इकाई की ओर से आरकेपुरम स्थित एक होटल में आयोजित अधिवेशन में शपथ ग्रहण, सम्मान समारोह, पुस्तक विमोचन एवं गीत-संगीत के कार्यक्रम हुए। समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शशि जैन ने की। मुख्य अतिथि संस्थापक एवं संयोजक डॉ. मुकेश कुमार व्यास ‘स्नेहिल’ ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शपथ दिलाई। उन्होंने संस्थान की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में संस्थान का पहला भवन बनाया गया है।
मुख्य वक्ता एवं संभागीय संरक्षक साहित्यकार विजय जोशी ने साहित्य के विकास में साहित्यिक संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर विचार रखे। मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रभात कुमार सिंघल, राष्ट्रीय महामंत्री आनंद कुमार जैन ‘अकेला’, राष्ट्रीय सदस्य अर्चना व्यास, राजस्थान प्रांतीय प्रभारी डॉ. वैदेही गौतम, प्रांतीय अध्यक्ष गोविंद गुरु (धौलपुर), प्रांतीय महामंत्री नवनीत राय ‘रुचिर’, राष्ट्रीय संरक्षक रघुनाथ मिश्र ‘सहज’ एवं जितेंद्र निर्मोही तथा रघुराज सिंह ‘कर्मयोगी’ ने भी विचार व्यक्त किए। डॉ. वैदेही गौतम ने कोटा में समरस भवन में कार्यालय खोलने का आश्वासन दिया।
अधिवेशन का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना से किया। अदिति शर्मा ने सरस्वती वंदना तथा हिमानी भाटिया, वंदना शर्मा एवं राजेंद्र कुमार जैन ने भजन और गीत प्रस्तुत किए। शपथ लेने वाले पदाधिकारियों एवं सदस्यों को मनोनयन पत्र तथा हिंदी पखवाड़े के सम्मान पत्र प्रदान किए गए। अतिथियों का शॉल, दुपट्टा, माल्यार्पण एवं स्मृति-चिह्न से स्वागत किया गया। समारोह में लगभग 60 साहित्यकारों ने अपनी भागीदारी निभाई। संभागीय अध्यक्ष एवं आयोजनकर्ता कवि महेश पंचोली ने कार्यक्रम का संचालन किया। संस्थापक डॉ. व्यास ने सफल आयोजन के लिए पंचोली का आभार व्यक्त किया।




