✍️ वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा
पाली। जिला मुख्यालय पर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर ने सभी विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में विकास कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं और विभिन्न विभागों के लंबित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें किसी भी स्तर पर देरी नहीं होनी चाहिए।
सम्पर्क पोर्टल और 181 शिकायतों पर विशेष फोकस
जिला कलेक्टर ने सम्पर्क पोर्टल एवं 181 हेल्पलाइन पर दर्ज प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र समाधान किया जाए। साथ ही असंतुष्ट परिवादियों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनकी समस्याओं का संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
बजट घोषणाओं और योजनाओं की प्रगति पर सख्ती
बैठक में पंचगौरव योजना और राजउन्नति योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि बजट घोषणाओं को धरातल पर लाने में तेजी लाई जाए और हर योजना का प्रभाव आमजन तक दिखाई देना चाहिए।
पीडब्ल्यूडी, जलदाय और जल संसाधन विभाग को निर्देश
सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD), पीएचईडी (जलदाय विभाग), जेजेएम (जल जीवन मिशन) और जल संसाधन विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण और जल प्रबंधन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
शिक्षा और आंगनबाड़ी भवनों की स्थिति पर चिंता
शिक्षा विभाग एवं आईसीडीएस के जर्जर भवनों को लेकर जिला कलेक्टर ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने खतरनाक भवनों को तुरंत चिन्हित कर गिराने तथा पेयजल कनेक्शन जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर निगम और डिस्कॉम कार्यों की भी समीक्षा
नगर निगम के सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए सुधार लाने के निर्देश दिए गए। वहीं डिस्कॉम से जुड़े कार्यों में भी लापरवाही नहीं बरतने के लिए अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई।
बांगड़ अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर सख्त निर्देश
बांगड़ चिकित्सालय में दवाइयों की उपलब्धता, कूलर-पंखे, एसी मरम्मत, निःशुल्क जांच, ब्लड स्टॉक सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने चिकित्सा विभाग को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए अस्पताल में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रहें। साथ ही मौसमी बीमारियों और वय वंदन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया।
हरियालो राजस्थान अभियान और कृषि योजनाओं पर जोर
वन विभाग को हरियालो राजस्थान अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधरोपण करने के निर्देश दिए गए। कृषि एवं बागवानी विभाग को किसानों के हित में संचालित योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा गया।
पेंशन सत्यापन और उद्योग योजनाओं की समीक्षा
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग को पेंशन सत्यापन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। वहीं उद्योग विभाग की विश्वकर्मा योजना सहित अन्य योजनाओं की भी समीक्षा कर प्रगति बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) ओम प्रभा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
*साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर ने साफ संकेत दिए हैं कि अब काम में ढिलाई नहीं चलेगी। सभी विभागों को तय समयसीमा में परिणाम देने होंगे, ताकि योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंच सके।*