सोजत में भाजपा 18, कांग्रेस 15 और 7 वार्डों में निर्दलीय मजबूत

राकेश भटनागर

सोजत। नगर पालिका के 40 वार्डों में मतदान संपन्न होने के बाद अब चुनाव परिणाम को लेकर राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों में उत्सुकता बढ़ गई है। शहर के विभिन्न वार्डों में मतदाताओं के रुझान और चुनावी समीकरणों के आधार पर भाजपा को बढ़त मिलने के कयास लगाए जा रहे हैं।

चुनावी चर्चाओं और वार्डवार समीकरणों के अनुसार भाजपा के करीब 18 वार्डों में जीत दर्ज करने की संभावना जताई जा रही है, जबकि कांग्रेस को 15 वार्डों में बढ़त मिलने के अनुमान हैं। वहीं करीब 7 वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशी मजबूत स्थिति में बताए जा रहे हैं।

हालांकि वास्तविक स्थिति मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगी। भाजपा और कांग्रेस के बीच कई वार्डों में कांटे की टक्कर बताई जा रही है। वहीं कुछ वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के चुनावी समीकरण बिगाड़ दिए हैं।

यदि चुनावी रुझान परिणाम में बदलते हैं तो भाजपा सबसे बड़े दल के रूप में सामने आ सकती है। वहीं कांग्रेस भी करीब 15 वार्डों में जीत के अनुमान के साथ मजबूत विपक्ष की भूमिका में नजर आ सकती है।

नगर पालिका में बोर्ड गठन के लिए बहुमत का आंकड़ा हासिल करना दोनों प्रमुख दलों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है। ऐसे में यदि निर्दलीय प्रत्याशी 7 वार्डों में जीत दर्ज करते हैं तो पालिका बोर्ड के गठन में निर्दलीयों की भूमिका बेहद अहम हो सकती है।

सोजत में 80.25% मतदान के साथ निकाय चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, भाजपा के 40, कांग्रेस के 38 और 54 निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच हुआ मुकाबला — शाम 6 बजे तक 80.25 प्रतिशत मतदान, पुलिस-प्रशासन की कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण रहा मतदान

error: Content is protected !!