सोजत। छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर बुधवार को सोजत में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
रैली की शुरुआत शहर से हुई, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर शामिल हुए। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्र हितों की रक्षा, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा छात्रों की समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए।
रैली विभिन्न मार्गों से होती हुई उपखंड अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंची। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि छात्रों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने, विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित करने तथा छात्र हितों से जुड़े मामलों में सरकार को गंभीरता से कदम उठाने चाहिए। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संपत राज कुमावत के नेतृत्व में संगठन महासचिव गोविंद दवे खोखरा, महेंद्र पालरिया, पुनीत दवे, असलम मेहर, गोविंद चारण, साहिल घोसी, जयपाल सिंह, राकेश तंवर, राहुल राठौड़, भागीरथ पानूसा, दिवेश समरिया, रुद्राक्ष, दिवेश सहित कांग्रेस एवं एनएसयूआई के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इस दौरान एसडीएम कार्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि छात्र हितों की अनदेखी जारी रही तो भविष्य में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
छात्र हितों को लेकर सोजत में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
- संबंधित खबरें -





