राकेश भटनागर
सोजत में दिनभर रिमझिम बारिश, बागड़ी की नौ पुलिया पर नदी का पानी बहने से बढ़ी सतर्कता
सोजत, 23 जुलाई 2026। राजस्थान में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का दौर शुरू हो चुका है और मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक तेज बारिश की संभावना जताते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 26 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी वर्षा होने के आसार हैं।
सोजत तहसील में गुरुवार को पूरे दिन रिमझिम बारिश का दौर चलता रहा। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर तेज बारिश दर्ज की गई। बागड़ी क्षेत्र की नौ पुलिया पर नदी का पानी बहने लगा, जिससे आसपास के लोगों और वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई। लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरों पर खुशी है, वहीं प्रशासन भी जलभराव और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर पर नजर बनाए हुए है।
बुधवार को प्रदेश में अजमेर में सर्वाधिक 39.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा डूंगरपुर में 24.5 मिमी, अलवर में 19.6 मिमी, श्रीगंगानगर में 14 मिमी, दौसा में 13 मिमी तथा जैसलमेर में 10.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई।
अगले 4-5 दिन सक्रिय रहेगा मानसून
जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार मध्य प्रदेश के उत्तरी भाग और आसपास बने ऊपरी परिसंचरण तंत्र तथा बीकानेर, वनस्थली और गुना से गुजर रही सक्रिय मानसून ट्रफ लाइन के प्रभाव से राजस्थान में मानसून की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। इसके चलते कोटा, जयपुर, अजमेर, उदयपुर, भरतपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के अनेक क्षेत्रों में भारी से अतिभारी वर्षा होने की संभावना है।
9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, उदयपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, सलूम्बर, बांसवाड़ा और नागौर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, मेघगर्जन और मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। जैसलमेर जिले में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है।
22 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने बीकानेर, चूरू, झुंझुनूं, भीलवाड़ा, अजमेर, ब्यावर, डीडवाना-कुचामन, जयपुर, सीकर, फलोदी, जोधपुर, पाली, राजसमंद, भरतपुर, धौलपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, डीग, टोंक और खैरथल-तिजारा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
प्रशासन ने की सावधानी बरतने की अपील
लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। किसानों को भी खेतों में जलनिकासी की व्यवस्था बनाए रखने और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों पर नहीं जाने की सलाह दी गई है।
प्रदेश में सक्रिय मानसून के चलते आने वाले दिनों में अच्छी बारिश की संभावना से किसानों को खरीफ फसलों के लिए राहत मिलने की उम्मीद है, जबकि कई जिलों में भारी बारिश के कारण प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।





