राकेश भटनागर सोजत,
सोजत। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं माननीय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार सोजत स्थित स्थानीय न्यायालय परिसर में शनिवार, 18 जुलाई 2026 को तालुका स्तर पर विशेष लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया। लोक अदालत का उद्देश्य आपसी सहमति एवं राजीनामे के माध्यम से लंबित प्रकरणों का त्वरित, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान करना रहा।
विशेष लोक अदालत के संचालन के लिए दो बेंचों का गठन किया गया। प्रथम बेंच की अध्यक्षता एडीजे श्रीमती रेखा रानी ने की, जबकि सदस्य के रूप में श्री आनंदीलाल भाटी ने अपनी सेवाएं दीं। वहीं द्वितीय बेंच की अध्यक्षता एजेएम श्रीमती कायनात शेख ने की तथा सदस्य के रूप में अधिवक्ता श्री पंकज त्रिवेदी उपस्थित रहे।
लोक अदालत के दौरान दोनों बेंचों ने विभिन्न प्रकरणों में उपस्थित पक्षकारों को आपसी समझाइश देकर राजीनामे के माध्यम से विवाद समाप्त करने के लिए प्रेरित किया। न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं के प्रयासों से कई मामलों का सौहार्दपूर्ण समाधान संभव हो सका, जिससे पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिली।
आयोजित विशेष लोक अदालत में विभिन्न प्रकरणों का सफलतापूर्वक निस्तारण करते हुए कुल 20 लाख रुपये की अवार्ड राशि पारित की गई। इससे संबंधित पक्षकारों को शीघ्र न्याय मिलने के साथ समय, धन और न्यायालयीन प्रक्रिया की जटिलताओं से भी राहत प्राप्त हुई।
विशेष लोक अदालत के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि आपसी सहमति और संवाद के जरिए विवादों का समाधान अधिक प्रभावी एवं स्थायी होता है। न्यायपालिका द्वारा समय-समय पर आयोजित लोक अदालतें न्याय को आमजन तक सरल, सुलभ और त्वरित रूप से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। स्थानीय अधिवक्ताओं एवं न्यायालय कर्मियों के सहयोग से आयोजित यह विशेष लोक अदालत सफल एवं प्रभावी रही।





