राजस्थान में मानसून होगा मेहरबान: 22 से 27 जुलाई तक कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश के आसार, पश्चिमी राजस्थान में भी बरसेंगे बादल

राकेश भटनागर,

जयपुर/सोजत। राजस्थान में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय होने जा रहा है। मौसम के ताजा संकेतों के अनुसार 22 जुलाई से 27 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। खासकर पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में मानसून की गतिविधियां तेज होने के संकेत हैं, जिससे किसानों और आमजन को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

मौसम के अनुसार इस दौरान जोधपुर, बाड़मेर, बालोतरा, जैसलमेर, जालौर, सिरोही, पाली, नागौर, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में बारिश का दायरा लगातार बढ़ सकता है। कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में तेज बारिश के कारण जलभराव और निचले क्षेत्रों में पानी भरने की स्थिति भी बन सकती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने से पश्चिमी राजस्थान, जहां सामान्यतः कम वर्षा होती है, वहां भी अच्छी बारिश दर्ज हो सकती है। इससे खरीफ फसलों को बड़ा लाभ मिलेगा और जलाशयों, तालाबों तथा बांधों में जलस्तर बढ़ने की उम्मीद है।

पाली और आसपास के क्षेत्रों में भी राहत की बारिश के संकेत

पाली जिले सहित सोजत, मारवाड़ जंक्शन, सुमेरपुर, बाली और आसपास के क्षेत्रों में भी आगामी दिनों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। लगातार बादल छाए रहने और रुक-रुक कर वर्षा होने से तापमान में गिरावट आएगी तथा उमस से राहत मिलेगी। किसानों के लिए यह बारिश खेती-बाड़ी की दृष्टि से लाभदायक मानी जा रही है।

प्रशासन ने बरतने की दी सावधानी

संभावित भारी बारिश को देखते हुए लोगों से अपील की गई है कि तेज बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। वाहन चालकों को भी सावधानी बरतने तथा मौसम की ताजा जानकारी के अनुसार यात्रा करने की सलाह दी गई है।

इन जिलों पर रहेगी विशेष नजर

जोधपुर

बाड़मेर

बालोतरा

जैसलमेर

जालौर

सिरोही

पाली

नागौर

बीकानेर

चूरू

श्रीगंगानगर

हनुमानगढ़

यदि मानसून इसी तरह सक्रिय रहा तो प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी वर्षा दर्ज होने की संभावना है, जिससे जल संकट में राहत मिलेगी और किसानों के चेहरों पर खुशी लौट सकती है।

error: Content is protected !!