बगड़ी नगर थाना परिसर में महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

महिलाराजकोप सिटीजन ऐप डाउनलोड करवाकर दी उपयोग की जानकारी, हेल्पलाइन 1090 से कराया अवगत

ओमप्रकाश बोराना
2 Min Read



बगड़ी नगर/सोजत, 22 मई 2026

पाली जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन के निर्देशानुसार गुरुवार को पुलिस थाना बगड़ी नगर में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए “महिलाराजकोप सिटीजन ऐप” डाउनलोड करवाया गया तथा उसके उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया गया।

इस जागरूकता कार्यक्रम में महिलाओं को बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, उत्पीड़न अथवा अन्य महिला अपराधों की स्थिति में वे तुरंत ऐप और हेल्पलाइन नंबर 1090 का उपयोग कर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकती हैं। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस विभाग की प्राथमिकता है और तकनीक के माध्यम से महिलाओं को अधिक सुरक्षित एवं सशक्त बनाया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा अधिकारी श्रीमती पार्वती देवी, महिला कांस्टेबल पूनम देवी एवं महिला कांस्टेबल भावना देवी ने उपस्थित महिलाओं को सुरक्षा उपायों, कानूनी अधिकारों तथा पुलिस सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी। वहीं महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र पुलिस थाना बगड़ी के विधिक परामर्शदाता दुर्गा सेन एवं सामाजिक परामर्शदाता गुणवंती पंवार ने महिलाओं को सामाजिक और कानूनी सहायता से जुड़ी योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया।

इस अवसर पर राजीविका से जुड़ी आशा चौहान, आंगनबाड़ी केंद्र की साथिन स्नेहलता, गायत्री देवी, चम्पा देवी, प्रेम देवी, गवरी देवी प्रजापत सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने महिला सुरक्षा से जुड़ी जानकारी को उपयोगी बताते हुए पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना की।

कार्यक्रम के अंत में महिलाओं से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की घटना या समस्या होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करें तथा अपने आसपास की अन्य महिलाओं को भी महिला सुरक्षा ऐप और हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक करें।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!