अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत।मेहंदी नगरी सोजत में आज 6 अगस्त की शाम एक भव्य सांस्कृतिक संध्या “यात्रा पश्चिमालाप” का आयोजन किया जाएगा। यह रंगारंग कार्यक्रम आज शाम 7:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक पाली रोड स्थित तहसील परिसर के पास आयोजित होगा।

कार्यक्रम के समन्वयक व्याख्याता हनुवंत सिंह बारहठ ने बताया कि इस आयोजन में राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, दमन-दीव और दादरा-नगर हवेली से आए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के लोक कलाकार अपने मनमोहक गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
यह आयोजन उपखंड अधिकारी के निर्देशन में आयोजित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत व्यापक तैयारियां की जा चुकी हैं। नगर पालिका प्रशासन ने भी कार्यक्रम की सफलता के लिए भव्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। कार्यक्रम स्थल पर एक विशाल मंच तैयार किया गया है और बड़ी संख्या में दर्शकों के बैठने हेतु आरामदायक कुर्सियों की भी व्यवस्था की गई है।

सोजत में लंबे समय के अंतराल के बाद इस स्तर का सांस्कृतिक आयोजन हो रहा है, जिससे स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। लोग बेसब्री से इस सांस्कृतिक शाम का इंतजार कर रहे हैं। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम लोकसंस्कृति की विविधता और पश्चिमी भारत की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बनेगा।
आज शाम को सोजत बनेगा लोकसंस्कृति का साक्षी।