सोजत। आगामी सप्ताह से शुरू होने वाले राजस्थान विधानसभा सत्र में सोजत क्षेत्र के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण मांगों को उठाने के लिए शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने विधायक श्रीमती शोभा चौहान से आग्रह किया है।
पांच सूत्री मांगें
1. आयुर्वेद चिकित्सालय का क्रमोन्नयन
लंबे समय से सोजत के आयुर्वेद चिकित्सालय को ब्लॉक आयुष चिकित्सालय में क्रमोन्नत करने एवं भूखंड आवंटन की मांग की जा रही है।
इससे एक ही छत के नीचे आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं यूनानी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
2. ऐतिहासिक दुर्ग को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना
दुर्ग के शीर्ष पर टेलिस्कोप, प्रोजेक्टर, पैनोरमा म्यूजियम एवं साइंस पार्क बनाने का प्रस्ताव।
पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
3. सहायक सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय की स्थापना
सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक आसानी से पहुंचाने के लिए कार्यालय खोलने की मांग।
4. उपभोक्ता परितोष फोरम की स्थापना
उपखण्ड स्तर पर फोरम खुलने से उपभोक्ताओं को जिला मुख्यालय तक जाने की परेशानी से निजात मिलेगी।
5. सोजत महोत्सव को प्रादेशिक पहचान
मरु महोत्सव और पुष्कर महोत्सव की तर्ज पर सोजत महोत्सव को प्रादेशिक संरक्षण प्रदान करने की मांग।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख सदस्य
वरिष्ठ नागरिक समिति अध्यक्ष सुरेश ओझा, पेंशनर समाज अध्यक्ष लालचंद मोयल, चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन उपाध्यक्ष एवं भामाशाह अनोप सिंह लखावत, सोजत सेवा मंडल मंत्री पुष्पत राज मुणोत, अभिनव कला मंच अध्यक्ष गोरधन लाल गहलोत, सचिव चेतन व्यास, उपाध्यक्ष श्यामलाल व्यास, भारत विकास परिषद् अध्यक्ष देवीलाल सांखला, मानव सेवा समिति अध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित विभिन्न समाजों व संस्थाओं के पदाधिकारी शामिल रहे।