अकरम खान की रिपोर्ट।
सोजत। आज दिनांक 03 नवंबर 2025 को ग्राम पंचायत व नगर पालिका स्तरीय सांसद खेल महोत्सव 2025 का सोजत क्षेत्र में भव्य शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी समग्र शिक्षा सोजत दलपत सिंह सांखला, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बगड़ी बगदाराम जांगिड़ एवं अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मोहम्मद रफीक द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

खेल प्रभारी विक्रम सिंह कोलपुरा ने बताया कि खेल महोत्सव में विभिन्न खेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, लंगड़ी, रस्सा-कशी, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, कैरम बोर्ड, 100 मीटर, 400 मीटर दौड़ तथा लॉन्ग जंप शामिल हैं। प्रतियोगिताओं में 19 वर्ष से अधिक एवं 19 वर्ष से कम आयु वर्ग के पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों को अलग-अलग वर्गों में भाग लेने का अवसर दिया गया है।

खेल प्रभारी ने बताया कि पंचायत व नगर पालिका स्तर पर विजेता दल 7 नवंबर से 10 नवंबर 2025 तक आयोजित होने वाली ब्लॉक समूह स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। वहां से चयनित दल आगे विधानसभा स्तर तथा तत्पश्चात लोकसभा स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

सोजत विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों व नगर पालिकाओं को चार समूहों में विभाजित किया गया है—
ग्रुप A: राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय धीनावास
ग्रुप B: राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सुरायता
ग्रुप C: राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सांडिया
ग्रुप D: पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सोजत रोड
ब्लॉक समूह स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 7 से 10 नवंबर 2025 तक होगा।
प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए नियंत्रण कक्ष में श्री शक्ति सिंह राठौड़ (शारीरिक शिक्षक, रा. उच्च प्राथमिक विद्यालय चौकीदारों की ढाणी) एवं नरपत लाल (कंप्यूटर ऑपरेटर, ब्लॉक ऑफिस सोजत) सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
खेल महोत्सव के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह और जोश देखने को मिला। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं और खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है।
