वरिष्ठ पत्रकार ओमप्रकाश बोराणा के साथ अकरम खान कि रिपोर्ट।
पाली/सोजत। इस्लाम धर्म में सबसे पवित्र और बरकत वाला महीना रमजान इस वर्ष 2 मार्च 2025 से शुरू हो रहा है। यह महीना मुस्लिम समुदाय के लिए विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इस दौरान रोजेदार सूर्योदय से सूर्यास्त तक रोजा (उपवास) रखते हैं और अधिक से अधिक इबादत करते हैं। रमजान का यह पवित्र सिलसिला पूरे एक महीने तक चलता है और इसके बाद ईद-उल-फितर का पर्व मनाया जाता है।
रमजान का महत्व
रमजान इस्लामिक कैलेंडर का नौवां महीना होता है और इसे सबसे पाक महीना माना जाता है। ऐसा कहा जाता है कि इसी महीने में इस्लाम के पवित्र ग्रंथ कुरआन शरीफ का अवतरण हुआ था। रोजे रखने का उद्देश्य सिर्फ भूखा-प्यासा रहना नहीं, बल्कि आत्मसंयम, धैर्य, नेक कार्य और खुदा की इबादत करना है। इस महीने में सहरी (भोर में भोजन) के बाद से लेकर इफ्तार (सूर्यास्त के बाद भोजन) तक कुछ भी खाने-पीने की मनाही होती है।क्षेत्र मे माहे रमजान के आने कि खुशी में मुस्लिम बाहुल्य मौहल्लों मे चहलपहल बढ़ गयी है और चौक चौराहो पर रोनक नजर आने लगी है।
रोजे और इबादत का महत्व
रमजान के दौरान मुस्लिम धर्मावलंबी पांच वक्त की नमाज अदा करते हैं और रात में विशेष इबादत तरावीह पढ़ते हैं। इस महीने में अधिक से अधिक इबादत करने, गरीबों की मदद करने और नेकी के रास्ते पर चलने की सीख दी जाती है।
रमजान के बाद आती है ईद
रमजान के 29 या 30 रोजों के बाद जब चांद नजर आता है, तब ईद-उल-फितर मनाई जाती है। इसे मीठी ईद भी कहा जाता है, क्योंकि इस दिन विशेष रूप से शीर खुरमा (मीठी सिवइयां),खिर बनाई जाती हैं। ईद का दिन खुशी, प्रेम और भाईचारे का प्रतीक माना जाता है, जब लोग गले मिलते हैं, एक-दूसरे को मुबारकबाद देते हैं और साथ मिलकर ईद की खुशियां मनाते हैं।
ईद की खासियत
ईद के मौके पर हर मुसलमान को फितरा (दान) देना जरूरी होता है, ताकि गरीब और जरूरतमंद भी ईद की खुशियों में शामिल हो सकें। इस दिन नए कपड़े पहने जाते हैं, मस्जिदों में ईद कि विशेष नमाज अदा की जाती है और फिर सभी लोग मिलकर स्वादिष्ट पकवानों का आनंद लेते हैं।
रमजान का संदेश
रमजान सिर्फ एक धार्मिक त्यौहार नहीं, बल्कि संयम, दया, परोपकार और आध्यात्मिक उन्नति का महीना है। इस दौरान लोग अपने बुरे कर्मों से बचते हैं, ज्यादा से ज्यादा इबादत करते हैं और गरीबों की मदद कर नेकियां कमाते हैं। यह महीना आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश देता है।
सोजत न्युज कि तरफ से सभी मुस्लिम साथियों को रमजान मुबारक।