कोऑपरेटिव सोसाइटी में गेहूं वितरण में अनियमितताओं का आरोप, ग्रामीणों ने प्रशासन से की सुधार की मांग

राकेश भटनागर

सोजत। क्षेत्र के ग्राम मुरडावा, उदेशी कुआ, गुड़ा बछराज एवं देवली हुल्ला में कोऑपरेटिव सोसाइटी द्वारा गेहूं वितरण में अनियमितताएं बरते जाने के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने सोसाइटी कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर व्यवस्था में सुधार करवाने की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सोसाइटी कर्मचारियों द्वारा गेहूं के बदले कम दरों पर गेहूं खरीदकर उपभोक्ताओं को कम राशि दी जा रही है। इसके अलावा सोसाइटी में तीन माह का गेहूं उपलब्ध होने के बावजूद केवल दो माह का ही वितरण किया जा रहा है। ग्रामीणों ने कर्मचारियों पर उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा निर्धारित समय पर कोऑपरेटिव सोसाइटी नहीं खोलने जैसे आरोप भी लगाए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि इन अनियमितताओं के चलते आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने, दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने तथा गेहूं वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारू बनाने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।

error: Content is protected !!